September 16, 2026
image (4)

बिहार की राजधानी पटना में बदमाशों के हौंसले बुलंद हैं। यहां अलग-अलग जगहों पर चोरी और ठगी की घटनाएं सामने आई हैं। चौक थाना क्षेत्र स्थित बैंक में रुपये जमा कराने गए बेगमपुर निवासी जीतेंद्र कुमार को उचक्कों द्वारा छह लाख का कागज का बंडल थमाकर एक लाख 70 हजार रुपये उड़ाने का मामला प्रकाश में आया है। प्राथमिकी के बाद पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
पीड़ित ने बताया कि चौक स्थित पंजाब नेशनल बैंक में एक लाख 70 हजार रुपये जमा कराने के लिए मशीन के समीप खड़े थे। मशीन खराब होने के कारण फार्म भर कर रुपये जमा करने के लिए कतारबद्ध थे। इसी क्रम में दो व्यक्ति आकर बोले कि मैंने तगादा कर छह लाख रुपये लाया हूं। उसे अपने खाता में जमा करवा दीजिए। लाइन में खड़े जीतेंद्र कुमार दोनों बदमाशों की बातों में फंस गए। उसके बाद विश्वास में लेकर उन्हें बैंक से बाहर लाया और नोट की कटिंग साइज का कागज का 12 बंडल थैला में डालकर एक लाख 70 हजार हाथों से ले लिया।
झांसा देनेवाला बोला कि चाचा जी 12 बंडल में छह लाख रुपये हैं। चेक कर लीजिएगा। उसने बोला का हमलोग गलत आदमी नहीं हैं। उसके बाद दोनों फरार हो गए।
जब जीतेंद्र कुमार बंडल चेक करने लगे तब पता चला कि सभी बंडल कागज के हैं। चौक थाना पुलिस ने रविवार को बताया कि पीड़ित व्यक्ति की ओर से आवेदन मिला है। प्राथमिकी के बाद मामले की छानबीन की जा रही है।
आटो पर सवार युवती ने उड़ाया महिला का जेवरात व रुपये
अगमकुआं थाना क्षेत्र में आटो पर दो बच्चों के साथ सवार एक युवती ने भूतनाथ रोड हाउसिंग कालोनी निवासी रूकमिणी सिंह का जेवरात व दस हजार रुपये झांसा देकर उड़ा लिया। प्राथमिकी के बाद अगमकुआं थाना पुलिस सीसीटीवी फुटेज से छानबीन कर रही है।
अगमकुआं थाना पुलिस ने रविवार को बताया कि रूकमिणी सिंह छज्जूबाग स्थित सहेली मनीषा के यहां से पार्टी से घर लौट रही थी। मीठापुर के समीप आटो पर सवार हुई। छोटी पहाड़ी के पास आटो से उतरकर भूतनाथ रोड के लिए दूसरे आटो पर सवार हुई।
महिला ने बताया कि खेमनीचक के समीप एक 20 वर्षीय युवती दो बच्चों के साथ सवार हुई। कुछ दूर जाने बाद रूकमिणी सिंह आटो से उतरकर चालक को सौ रुपये देकर आगे बढ़ गई।
इस दौरान जब उन्होंने अपने जूट के झोला में देखा कि हैंडबैग गायब है। महिला ने हैंडबैग में रखे 10 हजार रुपये ,सोने का चेन, लाकेट गायब पाया। पुलिस ने बताया कि अज्ञात युवती के खिलाफ प्राथमिकी हुई है। मामले की छानबीन पुलिस कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *