September 15, 2026
SPORTS

जेएफसी यूथ ने सोमवार, 14 सितंबर को जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेले गए जेएसए फुटबॉल लीग 2026 के ए डिवीजन फाइनल में काटिन फुटबॉल क्लब को 2-0 से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। जेएफसी यूथ ने पूरे मुकाबले में अनुशासित और प्रभावी खेल का प्रदर्शन किया। जेएफसी यूथ ने दोनों गोल पहले हाफ में किए। 18वें मिनट में जर्सी नंबर 51 मार्शल हेम्ब्रम ने गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद 27वें मिनट में जर्सी नंबर 29 मोटाय देवगम ने दूसरा गोल कर बढ़त 2-0 कर दी। दूसरे हाफ में काटिन एफसी ने वापसी की भरपूर कोशिश की, लेकिन जेएफसी यूथ की मजबूत रक्षापंक्ति को भेद नहीं सकी। मैच के दौरान जेएफसी यूथ के इंद्र विनेश (जर्सी नंबर 76) को 15वें मिनट में एकमात्र पीला कार्ड मिला। मुकाबले में किसी खिलाड़ी को बाहर नहीं भेजा गया। दोनों टीमों ने खेल भावना, अनुशासन और खेल के प्रति प्रतिबद्धता का परिचय दिया।

पहली बार महिला अधिकारियों की पूरी टीम ने संभाला फाइनल

फाइनल मुकाबले की खास बात यह रही कि मैच के चारों अधिकारी महिलाएं थीं। जेएसए रेफरी विभाग की ओर से पिंकी मार्डी ने रेफरी, चांदमुनी बिरुली और रानी रवि दास ने सहायक रेफरी तथा बिजू मुर्मू ने चौथे अधिकारी की भूमिका निभाई। महिला अधिकारियों की टीम ने पूरे आत्मविश्वास और पेशेवर अंदाज में मुकाबले का संचालन किया। जेएसए रेफरी विभाग की ओर से महिला भागीदारी और सशक्तीकरण को बढ़ावा देने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

पुरस्कार भी बांटे गए

फाइनल के बाद ए डिवीजन अभियान में बेहतर प्रदर्शन और खेल भावना के लिए व्यक्तिगत व विशेष पुरस्कार प्रदान किए गए। रमेश मेहता मेमोरियल ट्रॉफी फॉर बेस्ट गोलकीपर जेएफसी यूथ के मास्टर जेनिट निंगथौजम को मिला। पुरस्कार बिष्टुपुर थाना प्रभारी निरंजन कुमार ने प्रदान किया। एस. जुबैर आलम मेमोरियल ट्रॉफी फॉर फेयर प्ले टीम काटिन फुटबॉल क्लब को दी गई। पुरस्कार जेएसए के मानद सचिव वी. रामकृष्ण ने प्रदान किया। पी. विजय कुमार मेमोरियल ट्रॉफी फॉर हाईएस्ट गोल स्कोरर अरुणा समिति के प्रीत सोना को मिला। पुरस्कार निरंजन कुमार ने प्रदान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *