August 21, 2026
EDUCATION

डीबीएमएस कदमा हाई स्कूल में कक्षा 11वीं और 12वीं के वाणिज्य विद्यार्थियों के लिए ‘कॉमप्रेन्योर’ नामक उद्यमिता कार्यक्रम का आयोजन कलाकृति सभागार में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को रचनात्मक विचारों को व्यावसायिक रूप देने और उनमें उद्यमशीलता की भावना विकसित करने का अवसर प्रदान करना था। ‘विचारों को व्यवसाय में बदलें’की थीम पर आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने विभिन्न व्यावसायिक विचारों को योजनाबद्ध तरीके से प्रस्तुत किया। उन्होंने व्यवसाय योजना, मार्केटिंग रणनीति और वित्तीय योजना तैयार करने के साथ अपने उत्पादों और विचारों की प्रस्तुति दी।

कार्यक्रम में करीब 100 विद्यार्थी प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से शामिल हुए। विद्यार्थियों ने खाद्य पदार्थों, सजावटी सामग्री, फूलों के गुलदस्ते, आभूषण और मोमबत्तियों समेत विभिन्न उत्पादों से जुड़े व्यवसायिक मॉडल प्रस्तुत किए। इस अवसर पर डॉ. बी. चंद्रशेखर ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि अपने विचारों पर विश्वास और नवीन सोच के साथ आगे बढ़ना सफलता की पहली सीढ़ी है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने रचनात्मक विचारों को वास्तविक व्यवसाय में बदलने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, निर्णय लेने की क्षमता और उद्यमशील सोच विकसित होती है।

विद्यालय की प्राचार्या गुरप्रीत भामरा ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को केवल नौकरी पाने के लिए नहीं, बल्कि भविष्य में रोजगार देने वाले उद्यमी बनने के लिए भी तैयार करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों की रचनात्मकता और उत्साह की सराहना की। कार्यक्रम में चेयरपर्सन एवं एडमिनिस्ट्रेशन ललिता चंद्रशेखर, सचिव अनीता रामकृष्ण, कोषाध्यक्षा भुवना कृष्णन, संयुक्त कोषाध्यक्षा पी.एस. अरुणा, उप-प्रधानाचार्या सुपर्णा राय, समन्वयक एस. शिरीन सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक और विद्यार्थी उपस्थित थे। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लेते हुए अपनी उद्यमशील प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाओं के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *