सीएसआईआर-राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला (एनएमएल), जमशेदपुर ने पुरानी लिथियम-आयन बैटरियों के पुनर्चक्रण के लिए विकसित स्वदेशी तकनीक का हस्तांतरण नई दिल्ली की आर2ई टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड को किया। 18 से 20 नवंबर 2026 तक हुई इस प्रक्रिया के तहत कंपनी तकनीक का औद्योगिक स्तर पर इस्तेमाल और व्यावसायीकरण करेगी।
इस तकनीक के माध्यम से बेकार बैटरियों से लिथियम, कोबाल्ट, निकेल और मैंगनीज जैसी मूल्यवान धातुओं के साथ ग्रेफाइट की भी पुनर्प्राप्ति की जा सकेगी। इससे बैटरी कचरे का बेहतर प्रबंधन, प्रदूषण में कमी और प्राकृतिक खनिज संसाधनों पर निर्भरता घटाने में मदद मिलेगी।
यह तकनीक एनएमएल की एकीकृत क्लोज्ड-लूप हाइड्रोमेटलर्जिकल प्रक्रिया पर आधारित है। तकनीक हस्तांतरण में निदेशक डॉ. संदीप घोष चौधरी, डॉ. मनीष कुमार झा, डॉ. अंकुर शर्मा, डॉ. रेखा पांडा, डॉ. रुखसाना परवीन सहित अन्य वैज्ञानिकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।एनएमएल के निदेशक डॉ. संदीप घोष चौधरी ने इसे स्वदेशी तकनीक के व्यावसायीकरण और सतत औद्योगिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने उद्योगों और अनुसंधान संस्थानों के बीच सहयोग मजबूत करने पर जोर दिया।
