शहर में बेखौफ हो चुके चोरों के निशाने पर अब आम घरों के साथ-साथ भगवान के मंदिर भी आ गए हैं। बबरगंज थाना क्षेत्र के गौशाला चौक स्थित प्रसिद्ध भोलेश्वर नाथ मंदिर में गुरुवार की देर रात अज्ञात चोरों ने भीषण चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोर मंदिर का मुख्य ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुए और पूजा-पाठ के कीमती सामान सहित भगवान के आभूषण तक उठा ले गए। शुक्रवार सुबह जब पुजारी और स्थानीय श्रद्धालु पूजा के लिए मंदिर पहुंचे, तो मुख्य द्वार का ताला टूटा देख इलाके में सनसनी फैल गई। मंदिर समिति के पदाधिकारियों के अनुसार, अंदर घुसने के बाद चोरों ने सबसे पहले शिवलिंग के समीप रखा सामान चोरी किया। इसके बाद बजरंग बली का मुकुट भी गायब मिला। चोर मंदिर में रखे पीतल के बर्तन, त्रिशूल और अन्य पूजा सामग्री भी अपने साथ समेट ले गए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि चोरों ने बेहद इत्मीनान और सफाई से वारदात को अंजाम दिया है। मंदिर में टंगा करीब 20 किलो वजनी पीतल का घंटा भी उखाड़ कर ले जाना इस बात की ओर इशारा करता है कि वारदात में एक से अधिक अपराधी शामिल थे और उन्होंने घटना से पहले मंदिर की अच्छी तरह रेकी की थी।
