सफर के वक्त कई बार ऐसा होता है कि साथ वाली सीट पर बैठा यात्री बिना ईयरफोन के ही ऊंची आवाज में रील्स चलाता रहता है या तेज स्वर में फोन पर बात करता रहता है. इससे दूसरे यात्रियों के आराम और नींद में बाधा आती है. लेकिन अब रेलवे ने इस स्थिति से सख्ती से निपटने के लिए कमर कस ली है. पूर्व रेलवे ने यह स्पष्ट कर दिया है कि ट्रेनों और स्टेशनों पर मोबाइल के जरिए शोरगुल करने पर अब सीधे जेल जाना पड़ सकता है. कोलकाता मुख्यालय वाले पूर्व रेलवे ने अपने सभी चारों मंडलों को इस संबंध में सख्त आदेश जारी किए हैं. रेलवे बोर्ड की एडवाइजरी के आधार पर दिए गए इस निर्देश में कहा गया है कि स्टेशनों और ट्रेनों के अंदर मोबाइल के जिम्मेदार इस्तेमाल को सुनिश्चित किया जाए. एक आधिकारिक बयान में पूर्व रेलवे के अधिकारी ने साफ किया कि स्पीकर मोड में संगीत बजाना, वीडियो चलाना या देर तक तेज आवाज में फोन पर बात करना न्यूसेंस माना जाएगा. ऐसा व्यवहार करने वाले यात्रियों पर अब कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी. यदि यात्रा के दौरान कोई यात्री अन्य लोगों की शांति में बाधा डालते हुए मिलता है, तो RPF या टिकट चेकिंग स्टाफ उस यात्री के खिलाफ एक्शन ले सकता है. पूर्व रेलवे के मुताबिक, ऐसी हरकतों पर रेलवे अधिनियम, 1989 की धारा 145 के तहत मुकदमा दर्ज किया जा सकता है. इस नियम के अंतर्गत दोषी पाए जाने पर यात्री को 1,000 रुपये तक का जुर्माना देना पड़ सकता है. साथ ही 6 महीने तक की जेल की सजा भी हो सकती है, या फिर जुर्माना और जेल दोनों सजाएं एक साथ दी जा सकती हैं. भारतीय रेल में रोजाना करोड़ों लोग यात्रा करते हैं. रात के समय या लंबी दूरी की ट्रेनों में शोर-शराबे को लेकर यात्रियों से लगातार शिकायतें मिल रही थीं. खासतौर पर सोशल मीडिया रील्स और वीडियो कॉल के बढ़ते चलन ने सहयात्रियों की परेशानी को और बढ़ा दिया है. इसी बात को देखते हुए रेलवे ने अब जुर्माने और सजा के प्रावधानों को सख्ती से लागू करने का फैसला किया है, ताकि हर यात्री बिना किसी तनाव के अपना सफर पूरा कर सके.
