इंस्टीट्यूट ऑफ बैंकिंग पर्सनल सिलेक्शन (IBPS) की ओर से कस्टमर सर्विस एसोसिएट के 11,403 पदों पर भर्ती की जा रही है। इस भर्ती के लिए आवेदन करने की आज आखिरी तारीख है। जिन उम्मीदवारों ने अभी तक आवेदन नहीं किया है, वे आज IBPS की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना फॉर्म भर सकते हैं। इसके बाद आवेदन का मौका नहीं मिलेगा।
यह भर्ती भाग लेने वाले बैंकों में कस्टमर सर्विस एसोसिएट के पदों पर नियुक्ति के लिए कॉमन रिक्रूटमेंट प्रोसेस के तहत आयोजित की जा रही है। ऑनलाइन आवेदन के लिए उम्मीदवारों को IBPS की वेबसाइट पर जाकर कस्टमर सर्विस एसोसिएट भर्ती के लिंक पर क्लिक करना होगा। इसके बाद रजिस्ट्रेशन पूरा करके व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारी दर्ज करनी होगी। उम्मीदवारों को जरूरी दस्तावेज, फोटो और सिग्नेचर भी अपलोड करने होंगे। आवेदन शुल्क जमा करने के बाद फॉर्म में दर्ज सभी जानकारी को अच्छी तरह जांचकर सबमिट करना होगा। आवेदन पूरा होने के बाद इसका प्रिंटआउट या डिजिटल कॉपी सुरक्षित रख लेना बेहतर रहेगा।
आवेदन शुल्क की बात करें तो सामान्य, OBC और EWS वर्ग के उम्मीदवारों को 850 रुपये देने होंगे। वहीं SC, ST, PwBD और पूर्व सैनिक उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 175 रुपये रखा गया है।
IBPS के परीक्षा कैलेंडर के मुताबिक, प्रारंभिक परीक्षा 10 और 11 अक्टूबर 2026 को होगी। प्रीलिम्स का एडमिट कार्ड सितंबर में जारी किया जाएगा। प्रारंभिक परीक्षा में सफल रहने वाले उम्मीदवारों को मुख्य परीक्षा में शामिल होने का मौका मिलेगा।
कस्टमर सर्विस एसोसिएट भर्ती की मुख्य परीक्षा 27 दिसंबर 2026 को आयोजित की जाएगी। मुख्य परीक्षा का एडमिट कार्ड परीक्षा से करीब दो सप्ताह पहले जारी किया जाएगा। ऐसे में जिन उम्मीदवारों ने आवेदन कर दिया है, उन्हें अब अपनी परीक्षा की तैयारी पर पूरा ध्यान देना चाहिए।
