September 22, 2026
image (2)

मुजफ्फरपुर में स्कॉर्पियो चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा किया है। सदर थाना पुलिस ने अंतरजिला वाहन चोर गिरोह के एक सक्रिय सदस्य को वैशाली जिले से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य पहले किराए का मकान लेकर इलाके की रेकी करते थे। इसके बाद मास्टर चाबी और अन्य उपकरणों की मदद से स्कॉर्पियो चोरी कर उसे दूसरे जिले में ले जाकर बेच देते थे।
इस मामले में पुलिस ने दो चोरी की कारें भी बरामद की हैं। इनके अंदर से अलग-अलग नंबर प्लेट, गैस कटर मशीन, रिंच और वाहन चोरी में इस्तेमाल होने वाले अन्य उपकरण मिले हैं। पुलिस ने गिरोह के दो अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, सदर थाना क्षेत्र में 3 अगस्त को वाहन चोरी से संबंधित प्राथमिकी दर्ज की गई थी। जांच के दौरान सूचना मिली कि तीन संदिग्ध अंजना कुमार शुक्ला उर्फ मुन्ना स्कॉर्पियो, मोहम्मद अनवर और राजू कुमार राय चोरी की दो गाड़ियों के साथ फोरलेन पर मौजूद हैं।
सूचना पर पुलिस टीम ने छापेमारी की, लेकिन पुलिस को देखते ही तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। हालांकि, पुलिस ने वहां खड़ी हुंडई आई-20 और स्विफ्ट डिजायर को जब्त कर लिया। जांच में दोनों गाड़ियां चोरी की निकलीं। गाड़ियों के अंदर मिले नंबर प्लेट और गैस कटर

तलाशी के दौरान दोनों वाहनों से दो अन्य नंबर प्लेट, गैस कटर मशीन, रिंच और कुछ अन्य उपकरण बरामद किए गए। पुलिस को आशंका है कि इन उपकरणों का इस्तेमाल चोरी की वारदातों में किया जाता था। बरामद सामान को विधिवत जब्त कर लिया गया है।
इस संबंध में सदर थाना कांड संख्या 741/26 दर्ज कर पुलिस ने आगे की जांच शुरू की।
वैशाली से राजू गिरफ्तार, पूछताछ में खुली गिरोह की कहानी

पुलिस ने मामले में कार्रवाई आगे बढ़ाते हुए 6 अगस्त की दोपहर वैशाली थाना क्षेत्र के चक्र रसूल नंदलालपुर से राजू कुमार राय को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में उसने मुजफ्फरपुर में पिछले कुछ महीनों में हुई चार-पांच स्कॉर्पियो चोरी की घटनाओं में गिरोह की संलिप्तता की जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक, इस गिरोह का मास्टरमाइंड अंजना कुमार शुक्ला उर्फ मुन्ना स्कॉर्पियो है। वह लालगंज का रहने वाला बताया गया है और पिछले कुछ समय से सदर थाना क्षेत्र के बीबीगंज इलाके में किराये का मकान लेकर रह रहा था। वहीं से गिरोह के सदस्य वाहनों और इलाके की रेकी करते थे।
चोरी की कार को आरा में 2 से 3 लाख रुपए में बेचते थे

पुलिस की जांच में सामने आया है कि गिरोह के सदस्य वाहन चोरी के लिए मास्टर चाबी और दूसरे विशेष उपकरणों का इस्तेमाल करते थे। पहले वाहन की रेकी की जाती थी और मौका मिलते ही उसे खोलकर चोरी कर लिया जाता था।

चोरी के बाद वाहनों को मुजफ्फरपुर से बाहर ले जाया जाता था। पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य चोरी की स्कॉर्पियो को आरा जिले में करीब दो से तीन लाख रुपये में बेच देते थे। इस तरह गिरोह मुजफ्फरपुर में वाहन चोरी कर दूसरे जिले में खपाने का काम करता था। मास्टरमाइंड समेत दो फरार आरोपी की तलाश जारी

एसडीपीओ टाउन-2 विनीता सिन्हा ने बताया कि गिरोह में तीन सक्रिय सदस्यों की जानकारी सामने आई है। इनमें राजू कुमार राय को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अंजना कुमार शुक्ला उर्फ मुन्ना स्कॉर्पियो और मोहम्मद अनवर अभी फरार हैं। दोनों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार राजू कुमार राय को सदर थाना कांड संख्या 741/26 में न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। वहीं, बरामद दोनों वाहनों और उनके अंदर से मिले नंबर प्लेट व उपकरणों की जांच की जा रही है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी के वाहनों को खरीदने वालों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *