केरला समाजम मॉडल स्कूल ने इस वर्ष दीपावली का पर्व सेवा, संवेदना और सामाजिक समावेशिता के संदेश के साथ मनाया। इस अवसर पर विद्यालय की ओर से बर्मामाइंस स्थित हिंद आश्रम के जरूरतमंदों के बीच खाद्य सामग्री वितरित की गई। वहीं, पीपल फॉर चेंज संस्था के सहयोग से ट्रांसजेंडर समुदाय के लोगों को दीपावली के उपहार देकर त्योहार की खुशियां साझा की गईं।
विद्यालय की सामाजिक पहल ‘प्रोजेक्ट मुस्कान सेतु – टच ए लाइफ, बी द चेंज’ के तहत हिंद आश्रम को 20 किलो चीनी, 80 किलो सूजी, 25 किलो अरहर दाल, 20 किलो सोया चंक्स और 10 किलो अमूल्या मिल्क पाउडर प्रदान किया गया।
वहीं, ट्रांसजेंडर समुदाय के लोगों के बीच दीपावली हैम्पर वितरित किए गए। इनमें मिठाई, मोमबत्तियां, तेल, मिट्टी के दीये, सोनपापड़ी और फुलझड़ियां शामिल थीं। इस पहल का उद्देश्य समाज के हर वर्ग को त्योहार की खुशियों से जोड़ना और उनमें अपनत्व की भावना विकसित करना था।
दोनों कार्यक्रम विद्यालय के अध्यक्ष टीके सुकुमारन और प्राचार्या रीना बनर्जी के मार्गदर्शन में आयोजित किए गए। इस अवसर पर डायरेक्टर एकेडमिक्स नंदिनी शुक्ला, प्राचार्या रीना बनर्जी, हेडमिस्ट्रेस सुजाता सिंह, वाइस प्रिंसिपल एएल अब्राहम, रजिस्ट्रार वृंदा सुरेश, एनवायरनमेंट क्लब की मॉडरेटर शीला सुधाकरन एवं दीप्ति चक्रवर्ती तथा गाइड्स कैप्टन सुधा वर्मा उपस्थित थीं। इनके साथ एनवायरनमेंट क्लब के सदस्य और स्काउट्स एंड गाइड्स यूनिट के विद्यार्थी भी शामिल हुए।
विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि दीपावली का वास्तविक अर्थ केवल दीप जलाना और उत्सव मनाना नहीं, बल्कि दूसरों के जीवन में खुशियों का प्रकाश फैलाना है। प्रोजेक्ट मुस्कान सेतु के माध्यम से विद्यार्थियों में सहानुभूति, करुणा, समावेशिता और समाज सेवा की भावना विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि वे भविष्य में जिम्मेदार नागरिक और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाले व्यक्ति बन सकें।
