मिलावटी और अधोमानक खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए खाद्य संरक्षा विभाग की टीमों ने अगमकुआं, अनीसाबाद, खगौल, जक्कनपुर और फुलवारी इलाके में बुधवार को अभियान चलाया। मिठाई दुकानों, खाद्य प्रतिष्ठानों और निर्माण इकाइयों पर छापेमारी कर भारी मात्रा में सामग्री जब्त की गई। अगमकुआं में 855 किलो घी और 174 किलो मिल्क केक जबकि रामकृष्णा नगर में 5,550 किलो नूडल्स को जब्त किया। अगमकुआं से जब्त घी और मिल्क केक की कीमत 5,99,400 रुपये है। 18 किलो नारियल पाउडर, पांच किलो खीरा सीड्स और छह पैकेट हाइड्रो भी मिला। भंडारण में गंदगी, कंटेनरों में अनियमितता और वैध लाइसेंस नहीं होने पर प्रतिष्ठान को बंद कराया।
फूड्स दुकान में 2.22 लाख का 5,550 किलोग्राम नूडल्स जब्त किया। इस प्रतिष्ठान में पैकेजिंग पर निर्माण तिथि, एक्सपायरी और बैच नंबर में गड़बड़ी मिली। एक मिठाई दुकान का 40 किलो खोया नष्ट किया। दुकान में दो दिन निर्माण बंद करने का आदेश दिया। बेसन लड्डू और काजू कतली के नमूने लेकर दो दिन तक निर्माण बंद रखने का निर्देश दिया गया।
अनीसाबाद-खगौल स्थित स्वीट्स एंड स्नैक्स के एक प्रतिष्ठान में छह किलो अमचूर पाउडर, चार किलो कस्टर्ड पाउडर और 256 पैकेट चाउ नूडल्स जब्त किए। 20 किलो खोया नष्ट किया। फुलवारी में एक डेयरी प्रोडक्ट में नौ लीटर एक्सपायरी दूध नष्ट कर रसगुल्ले का नमूना लिया गया। भूपतिपुर में मिठाई दुकान में 600 किलो लड्डू दाना और मिठाई दुकान में 525 किलो लड्डू दाना जब्त कर बिना लाइसेंस के कारण दोनों प्रतिष्ठान बंद कराए गए।
