झारखंड क्षत्रिय महिला संघ की टेल्को इकाई की ओर से आस्था ट्विन सिटी क्लब में सावन मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 100 से अधिक क्षत्राणियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। इस दौरान सभी महिलाएं पीले परिधान में शामिल हुईं और सावन की खुशियां साझा कीं।
कार्यक्रम में संघ की संरक्षिका देविका सिंह, मंजू रानी, अध्यक्ष डॉ. कविता परमार, महासचिव मंजू सिंह तथा केंद्रीय कमेटी की ललिता सिंह, गिनु सिंह, मीना सिंह, रीता सिंह, शिवानी सिंह और पुष्पा सिंह अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का संचालन टेल्को इकाई अध्यक्ष मंजू सिंह और रानी सिंह ने किया।
समारोह में महिलाओं के मनोरंजन के लिए विभिन्न खेलों का आयोजन किया गया। विजेताओं को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। महिलाओं ने कजरी और सावन के भजनों की प्रस्तुति भी दी। इस दौरान भोले बाबा के भजनों से माहौल भक्तिमय हो गया।
कार्यक्रम में समाज के ज्वलंत मुद्दों पर भी चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि महिलाएं घर के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों में अपनी सूझबूझ और कार्यकुशलता से सफलता के नए आयाम स्थापित कर रही हैं। महिलाओं के अधिकार और कर्तव्यों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
समारोह के अंत में सभी की सहमति से तीज के अवसर पर इससे भी बड़े कार्यक्रम के आयोजन का निर्णय लिया गया। धन्यवाद ज्ञापन पूनम सिंह ने किया।
