महुआ थाना क्षेत्र में रविवार देर रात खाने के बिल को लेकर हुआ विवाद अचानक हिंसक हो गया। कुशहर पेट्रोल पंप के पास स्थित एक लाइन होटल में कहासुनी के बाद 6 से 7 राउंड फायरिंग की गई। गोली लगने से दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया।
फायरिंग की सूचना मिलते ही महुआ थानाध्यक्ष अरविंद प्रसाद पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके से कई खोखे बरामद किए हैं। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दोनों का इलाज जारी है।
घायलों की पहचान छतवारा गांव निवासी 56 वर्षीय सतीश कुमार गुप्ता, पिता स्व. रामपरीछन साह और 33 वर्षीय राजीव कुमार, पिता स्व. प्रफुल साह के रूप में हुई है।
पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, देर रात कुछ लोग लाइन होटल में खाना खाने पहुंचे थे। खाना खाने के बाद भुगतान को लेकर होटल संचालक और ग्राहकों के बीच विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया और इसके बाद फायरिंग शुरू हो गई।
होटल के पास दुकान चलाने वाले रंजन कुमार ने बताया कि कुछ लोग खाना खाने के बाद पैसे को लेकर झगड़ने लगे थे। मारपीट के दौरान गोलियां चलीं, जिसमें उनके चाचा और भाई घायल हो गए। रंजन का दावा है कि गोली चलाने वाले युवकों को वह चेहरे से पहचानते हैं, लेकिन उनके नाम नहीं जानते।
फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। घटना के बाद इलाके में भय का माहौल बन गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
थानाध्यक्ष अरविंद प्रसाद के मुताबिक, होटल संचालक और घटना के समय वहां मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि फायरिंग किसने की और इसके पीछे की वजह क्या थी। घटना के बाद इलाके में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।
