मुहर्रम जुलूस के दौरान शुक्रवार को अररिया, जमुई और खगड़िया जिलों में हिंसक झड़प और पथराव की छह घटनाएं सामने आईं।
हालांकि, पुलिस-प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी स्थानों पर स्थिति नियंत्रित कर ली।
अररिया के फारबिसगंज में रेलवे स्टेशन चौक और दशआना कचहरी रोड पर दो अखाड़ों के बीच पथराव से भगदड़ मच गई, जिसमें कई लोग घायल हुए। एसडीओ, एसडीपीओ और पुलिस बल ने लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर किया। चाणक्य चौक स्थित करबला मैदान में तैनात एसएसबी व पुलिस।
जोगबनी के चाणक्य चौक स्थित करबला मैदान में नेपाल के मटियरवा (रानी) से आए ताजिया जुलूस के साथ आए लोगों ने नो-मेंस लैंड के पास भारतीय क्षेत्र के जुलूस पर लुक्का फेंकते हुए पथराव किया। खगड़िया के मड़ैया में डीजे विवाद के बाद पुलिस वाहन का शीषा तोड़ दिया गया। जमुई के इस्लामनगर में पथराव के बाद लोगों ने प्रदर्शन किया।
सोनो के चौराधारी गांव में एक व्यक्ति और एक पुलिस जवान घायल हुए। झाझा में दो जुलूस आधे घंटे तक आमने-सामने रहे, जहां पथराव में छह अन्य लोग घायल हुए।
