November 14, 2026
402d9fa63ffbf6b64eccf88214486194cbe6466eca7b1046ec00a13b9e9c4bff (1)

भारत के स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन ने शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए गुरुवार को जापान मास्टर्स 2026 के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया। लक्ष्य ने चीन के डोंग तियान याओ को सीधे गेमों में 21-8, 21-14 से हराकर अंतिम आठ में जगह बनाई।

जर्मनी में हाइलो ओपन का खिताब जीतकर जापान पहुंचे लक्ष्य ने इससे पहले चीनी ताइपे के ची यू जेन को 21-19, 21-18 से हराकर प्री-क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया था।

तियान याओ के खिलाफ लक्ष्य ने शुरुआत से ही मुकाबले पर अपना दबदबा बनाए रखा। उन्होंने लगातार आठ अंक हासिल किए और महज 13 मिनट में पहला गेम 21-8 से अपने नाम कर लिया।

दूसरे गेम में चीनी खिलाड़ी ने वापसी की कोशिश की। एक समय वह 4-6 से पीछे था लेकिन अपने प्रतिद्वंद्वी से विश्व रैंकिंग में 32 स्थान ऊपर काबिज लक्ष्य ने खेल की गति बढ़ाई। उन्होंने लगातार छह अंक जीतकर स्कोर 12-6 कर दिया और फिर बढ़त बनाए रखते हुए मुकाबला सीधे गेमों में जीत लिया।

25 वर्षीय लक्ष्य के लिए यह जीत इस सत्र में शानदार वापसी का हिस्सा है। जर्मनी पहुंचने से पहले उन्हें अंतरराष्ट्रीय टूर पर मुश्किल दौर से गुजरना पड़ा था। हालांकि, हाइलो ओपन में खिताबी जीत ने उनका आत्मविश्वास बढ़ाया। फाइनल में उन्होंने इंडोनेशिया के मौजूदा चैंपियन जोनाथन क्रिस्टी को 21-17, 21-10 से हराया था। यह इस सत्र का उनका पहला और करियर का सातवां खिताब था।

लक्ष्य ने कोरिया ओपन से अपना नाम वापस ले लिया था लेकिन जापान में उनके मजबूत प्रदर्शन से सत्र के अंत में होने वाले बीडब्ल्यूएफ टूर फाइनल्स के लिए क्वालीफाई करने की उनकी उम्मीदें मजबूत हुई हैं।

अब लक्ष्य की नजरें जापान मास्टर्स के सेमीफाइनल में जगह बनाने पर होंगी। क्वार्टर फाइनल में उनका सामना कनाडा के चौथी वरीयता प्राप्त विक्टर लाई से हो सकता है, बशर्ते लाई जापान के युशी तनाका को हरा दें।

लक्ष्य पिछले वर्ष जापान मास्टर्स के सेमीफाइनल तक पहुंचे थे, जहां उन्हें घरेलू खिलाड़ी केंटा निशिमोटो के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। इस बार वह अपने पिछले प्रदर्शन से बेहतर करने के इरादे से उतरेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *