सर्दियों का मौसम आते ही बाजार में हरी-हरी मेथी मिलने लगती है और इसकी खुशबू और स्वाद खाने का मजा बढ़ा देते हैं, ऐसे में मेथी की सब्जी तो आपने कई बार खाई होगी, लेकिन अगर सुबह के नाश्ते में कुछ गर्मागर्म और स्वादिष्ट खाने का मन है तो मेथी के पराठे एक अच्छा ऑप्शन हो सकते हैं जिन्हें आप दही, अचार या मक्खन के साथ परोस सकते हैं। घर पर स्वादिष्ट मेथी के पराठे बनाने के लिए सबसे पहले मेथी की पत्तियों को डंठल से अलग करके साफ पानी से 2-3 बार धो लें और इसके बाद पानी निकालकर पत्तियों को बारीक काट लें। अब एक बड़े बर्तन में गेहूं का आटा लें और इसमें कटी हुई मेथी, हरी मिर्च, अजवाइन, हल्दी, लाल मिर्च, धनिया पाउडर और नमक डालें, फिर थोड़ा तेल मिलाकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिक्स कर लें और जरूरत के हिसाब से पानी डालते हुए नरम आटा गूंथ लें। इसके बाद गूंथे हुए आटे को ढककर करीब 10-15 मिनट के लिए रख दें जिससे आटा अच्छी तरह सेट हो जाएगा और पराठे बेलने में आसानी होगी। फिर आटे की छोटी-छोटी लोइयां बना लें और इन्हें बेलकर गर्म तवे पर डालें तथा दोनों तरफ हल्का पकने के बाद घी या तेल लगाकर सुनहरा और कुरकुरा होने तक सेंक लें। गरमागरम मेथी के पराठों का स्वाद बढ़ाने के लिए इन्हें ताजे दही, हरी चटनी, आम के अचार या सफेद मक्खन के साथ परोसें क्योंकि सुबह के नाश्ते से लेकर बच्चों के टिफिन तक के लिए यह एक अच्छा विकल्प है, और आप चाहें तो आटा गूंथते समय थोड़ा सा बेसन भी मिला सकते हैं जिससे पराठों का स्वाद और बेहतर हो जाएगा।
