November 13, 2026
WhatsApp Image 2026-11-13 at 12.36.40 PM

कनाडा की निवेश कंपनी फेयरफैक्स फाइनेंशियल होल्डिंग्स की योजना आईडीबीआई बैंक को वैश्विक पहुंच वाला एक विविध वित्तीय सेवा समूह बनाने की है। इसके लिए कंपनी बैंक की 60.72 प्रतिशत नियंत्रक हिस्सेदारी का 52,878 करोड़ रुपये में प्रस्तावित अधिग्रहण करने जा रही है।

अरबपति निवेशक प्रेम वत्सा के नेतृत्व वाली फेयरफैक्स ने प्रति शेयर 81 रुपये की पेशकश की है, जो सरकार के स्वतंत्र मूल्यांकन मानक 75.99 रुपये से अधिक है। यह पेशकश 31 मार्च 2026 तक आईडीबीआई बैंक के 51.85 रुपये प्रति शेयर के नियामकीय बही मूल्य से 56 प्रतिशत अधिक है।

फेयरफैक्स के अध्यक्ष एवं मुख्य परिचालन अधिकारी पीटर क्लार्क ने कहा कि कंपनी का मानना है कि आईडीबीआई बैंक में वैश्विक पहुंच वाला भारत का सर्वश्रेष्ठ सर्वांगीण बैंक बनने की क्षमता है। इससे भारत का ऋण और सकल घरेलू उत्पाद का अनुपात बढ़ाने के साथ आम नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार लाने में मदद मिलेगी।

फेयरफैक्स की योजना गो डिजिट सामान्य बीमा, गो डिजिट जीवन बीमा और आईआईएफएल कैपिटल सर्विसेज में अपनी हिस्सेदारी को आईडीबीआई बैंक के साथ जोड़ने की है। इससे बैंकिंग, बीमा, निवेश बैंकिंग और संपत्ति प्रबंधन सेवाओं वाला एक एकीकृत वित्तीय सेवा मंच तैयार होगा।

प्रस्तावित अधिग्रहण के बाद फेयरफैक्स को बैंक का प्रबंधन नियंत्रण मिल जाएगा, जबकि सरकार और भारतीय जीवन बीमा निगम की संयुक्त रूप से 34 प्रतिशत हिस्सेदारी बनी रहेगी।

यह सौदा आईडीबीआई बैंक की वित्तीय स्थिति में सुधार के बाद हो रहा है। इससे पहले बैंक लगभग चार वर्षों तक भारतीय रिजर्व बैंक की त्वरित सुधारात्मक कार्रवाई व्यवस्था के अंतर्गत रहा था। हालांकि, इसके बाद बैंक ने मुनाफे में वापसी की और पिछले वित्त वर्ष में लगभग 9,000 से 10,000 करोड़ रुपये का लाभ दर्ज किया।

प्रस्तावित अधिग्रहण और वित्तीय कारोबारों के एकीकरण के लिए नियामकीय मंजूरी, शेयरधारकों की स्वीकृति और अन्य आवश्यक अनुमतियां लेनी होंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *