वैशाली जिले के सोनपुर-छपरा रेलखंड पर नया गांव स्टेशन के पास मालगाड़ी की दो बोगियां पटरी से उतर गईं। घटना के बाद रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया। राहत और बचाव कार्य के लिए एआरटी और इंजीनियरिंग टीम को मौके पर भेजा गया। प्रारंभिक जांच में तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है।
सोनपुर-छपरा रेलखंड पर गुरुवार रात बड़ा हादसा हो गया, जहां मालगाड़ी की दो बोगियां अचानक बेपटरी हो गईं। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। पूरा मामला सोनपुर-छपरा रेलखंड के नया गांव स्टेशन स्थित रैक प्वाइंट का है। गिट्टी अनलोड कर वापस लौट रही मालगाड़ी की दो बोगियों के चक्के पटरी से उतर गए। हालांकि, घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है। जानकारी के अनुसार, मालगाड़ी रैक प्वाइंट से लाइन संख्या-6 के रास्ते आगे बढ़ रही थी। इसी दौरान ट्रेन के आठवें और नौवें बोगी के चार-चार चक्के पटरी से उतर गए। तेज आवाज सुनते ही वहां मौजूद रेलकर्मियों और कर्मचारियों में अफरातफरी मच गई। घटना के बाद स्टेशन मास्टर ने तत्काल इसकी सूचना रेल कंट्रोल को दी। सूचना मिलते ही सोनपुर मंडल से एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन (एआरटी) और इंजीनियरिंग विभाग की टीम को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। रेलवे के कई अधिकारी भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने में जुट गए।घटना की जानकारी मिलते ही स्टेशन के आसपास रहने वाले भारी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। मौके पर आरपीएफ और जीआरपी की टीम भी पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू की गई। पुलिस द्वारा भी हर बिंदु पर जांच-पड़ताल की जा रही है। बताया गया कि मुख्यालय से भी अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे थे। देर रात तक बेपटरी हुए डिब्बों को दोबारा पटरी पर चढ़ाने का कार्य जारी रहा। प्रारंभिक जांच में ट्रैक या प्वाइंट में तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, रेलवे अधिकारियों का कहना है कि घटना के वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा। हादसे के बाद सुरक्षा के मद्देनजर संबंधित लाइन पर रेल परिचालन अस्थायी रूप से रोक दिया गया था। बाद में स्थिति सामान्य होने पर परिचालन फिर से शुरू कर दिया गया।
