May 30, 2026
WhatsApp Image 2026-05-29 at 12.15.43 PM

राजधानी पटना समेत लगभग पूरे बिहार में मौसम का मिजाज बदल हो गया है। शुक्रवार को पटना के आसमान में बादल ने ऐसा डेरा डाला कि दिन में ही अंधेरा छा गया। कुछ देर के बाद राजधानी क्षेत्र और बाहरी इलाकों से बारिश की खबरें आने लगीं। झमाझम बारिश और तेज हवा के कारण करीब 10 दिनों से झुलसा रही गर्मी छूमंतर हो गई। बताया जा रहा है कि आगामी तीन दिनों तक गर्मी से राहत की स्थिति बनी रह सकती है। पूरे बिहार में अगले 24 घंटों के लिए आंधी-पानी का अलर्ट जारी किया गया है। पटना के अलावे वैशाली, मुजफ्फरपुर, बक्सर, सीवान, छपरा, गोपालगंज, कैमूर आदि जिलों में भी सुबह सुबह झमाझम बारिश से नजारा बदल गया। पटना मौसम विज्ञान केंद्र से आज शुक्रवार 29 मई को 10 जारी की गई रिपोर्ट के अनुसार खगड़िया, बांका, भागलपुर, मधुबनी, मधेपुरा, मुंगेर, सुपौल, सहरसा जिलों में मेघ गर्जन और वज्रपात के साथ बारिश और तेज हवा की प्रबल सभांवना है। इन इलाकों में करीब पचास से साठ किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चलेगी। इससे कमजोर घरों और आम लीची के फसलों को नुकसान पहुंच सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार, अगले 24 घंटे के दौरान पटना पटना में आंशिक बादल के साथ मेघ गर्जन, वज्रपात के साथ आंधी-पानी के आसार हैं। इसके साथ उत्तर बिहार के कटिहार और पूर्णिया में तेज हवा के साथ भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है। अगले दो-तीन दिनों में प्रदेश के अलग-अलग भागों में छिटपुट वर्षा के आसार हैं। हालांकि उत्तर बिहार में बारिश की स्थिति बेहतर रहेगी। पुरवाई के प्रभाव और तेज प्रवाह से प्रदेश के मौसम का मिजाज बदला है। बीते दो दिनों से तापमान में गिरावट आने के साथ लोगों को भीषण गर्मी और लू से राहत मिली है। गुरुवार को पटना सहित आसपास इलाकों का मौसम सामान्य बना रहा। कुछ स्थानों पर आंशिक बादल छाए रहे। लेकिन, शुक्रवार को अचानक नजारा बदल गया। सुबह से काले बादल छा गए और झमाझम बारिश हुई। दानापुर समेत कई इलाकों में जमकर बारिश हुई। सुबह से मौसम साफ था जो अचानक बदल गया। तेज हवा के कारण कई जगह पेड़ों की डालियां टूटकर गिर गई हैंं। मौसम विज्ञान केंद्र पटना की ओर से अगले तीन दिनों के लिए खराब मौसम का अलर्ट जारी किया गया है। राजधानी पटना के परसा बाजार थाना क्षेत्र के सकरैचा गांव में दो बच्चियों पर आसमानी कहर टूटा। शुक्रवार की सुबह खेत में बकरी चरा रही दो बच्चियों की ठनका गिरने से मौत हो गई। मृतक बच्ची की पहचान सिमरन कुमारी 12 वर्ष, पिता गोपाली पासवान और स्वीटी कुमारी 10 वर्ष, पिता रितु पासवान के रूप में की गई है। स्थानीय लोगों ने सरकार से उनके परिजनों के लिए उचित मुआवजे की मांग की है। पटना के आसमान में काले बादलों का डेरा बरकरार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *