May 30, 2026
image (2)

बिहार में शुक्रवार की सुबह अचानक बदले मौसम के मिजाज, तेज आंधी और मूसलाधार बारिश ने रेल यातायात को भी प्रभावित किया है. मौसम के इस रौद्र रूप के कारण पटना से हावड़ा जाने वाली डाउन 22348 वंदे भारत एक्सप्रेस की रफ्तार पर अचानक ब्रेक लग गया. तकनीकी खराबी के चलते इस प्रीमियम ट्रेन को पटना साहिब स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर करीब दो घंटे तक खड़े रखना पड़ा, जिससे ट्रेन में सवार यात्रियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी. मिली जानकारी के अनुसार, वंदे भारत एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय पर पटना जंक्शन से हावड़ा के लिए खुली थी. लेकिन जैसे ही ट्रेन गुलजारबाग स्टेशन के समीप पहुंची, तभी तेज आंधी-पानी के कारण उड़कर आया एक कपड़ा और झंडा ट्रेन के पैंटोग्राफ (ओएचई तार से बिजली लेने वाले उपकरण) में जाकर फंस गया. इसके बाद तकनीकी समस्या खड़ी हो गई और ट्रेन की रफ्तार धीमी हो गई. ट्रेन के लोको पायलट (चालक) ने सूझबूझ का परिचय देते हुए सुबह करीब 8:15 बजे किसी तरह ट्रेन को पटना साहिब स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर लाकर खड़ा किया और तुरंत इसकी जानकारी स्थानीय प्रशासन को दी. मामले की गंभीरता को देखते हुए पटना साहिब के स्टेशन प्रबंधक उपेंद्र कुमार और अन्य रेल अधिकारियों ने त्वरित कार्रवाई की. तत्काल इसकी सूचना रेल की टीआरडी (ट्रैक्शन रोलिंग डिस्ट्रीब्यूशन) टीम को दी गई. सूचना मिलते ही टीआरडी की तकनीकी टीम मौके पर पहुंची और पैंटोग्राफ में फंसे कपड़े व झंडे को हटाकर ओवरहेड तार और इंजन की जांच की l स्टेशन प्रबंधक उपेंद्र कुमार ने बताया कि तकनीकी खराबी को पूरी तरह दुरुस्त करने के बाद सुबह लगभग 10:15 बजे वंदे भारत एक्सप्रेस को उसके गंतव्य स्थल (हावड़ा) के लिए सुरक्षित रवाना किया गया. इस पूरी कवायद के दौरान ट्रेन करीब दो घंटे तक स्टेशन पर खड़ी रही, जिससे वीआईपी ट्रेन में सफर कर रहे यात्री काफी समय तक परेशान और बेहाल नजर आए.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *