September 1, 2026
images (3)

मेघना गुलजार के निर्देशन में बनी बहुप्रतीक्षित क्राइम-थ्रिलर फिल्म ‘दायरा’ का आधिकारिक ट्रेलर रिलीज कर दिया गया है। फिल्म में करीना कपूर और पृथ्वीराज सुकुमारन मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। जंगली पिक्चर्स और पेन स्टूडियोज के बैनर तले बनी यह हार्ड-हिटिंग इन्वेस्टिगेटिव क्राइम-थ्रिलर सच्ची घटनाओं से प्रेरित है। फिल्म गंभीर अपराध के बाद समाज में पैदा होने वाले ध्रुवीकरण और न्याय व्यवस्था के सामने आने वाली चुनौतियों को केंद्र में रखती है।

ट्रेलर की शुरुआत डीसीपी अजूनी कोहली के किरदार में करीना कपूर और डीसीपी रमन कुमार की भूमिका में पृथ्वीराज सुकुमारन से होती है। अजूनी एक शांत, गंभीर और नियमों के दायरे में रहकर काम करने वाली पुलिस अधिकारी हैं, जबकि रमन आक्रामक और नतीजों पर जोर देने वाले अधिकारी के रूप में नजर आते हैं। कहानी उस वक्त नया मोड़ लेती है, जब एक विवादित एनकाउंटर को लेकर दोनों अधिकारियों के बीच मतभेद पैदा हो जाते हैं। इसके बाद दोनों के बीच तीखी बहस, कटाक्ष और माइंड गेम कहानी में तनाव बढ़ाते दिखाई देते हैं।

‘दायरा’ के ट्रेलर में अपराध की जांच के साथ-साथ पुलिस व्यवस्था, न्याय और समाज में बढ़ते ध्रुवीकरण जैसे गंभीर मुद्दों की झलक मिलती है। करीना और पृथ्वीराज के आमने-सामने के दृश्यों में जबरदस्त टकराव देखने को मिलता है, जिससे फिल्म को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है। मेघना गुलजार की यह फिल्म 18 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *