May 30, 2026
image

कोसी के जलस्तर में एकाएक वृद्धि से जिले के गोगरी सर्किल नंबर-एक स्थित बीरबास में कोसी नदी पर बने पीपा पुल का एप्रोच पथ मधेपुरा जिले के कपसिया साइड से धंसने के कारण पुल होकर आवागमन पर रोक लगा दी गई है। अधिकारियों के अनुसार पीपा पुल को जोड़ने के लिए बना एप्रोच पथ कोसी नदी के जलस्तर में वृद्धि के कारण धंस गया है। जिससे पुल को कनेक्ट करने के लिए एप्रोच पथ पानी में डूबा है। पुल सुरक्षित है। प्रशासन की ओर से पुल पर आवागमन बंद कर दिया गया है। इधर बिहार राज्य पुल निर्माण निगम के एक सहायक अभियंता ने बताया कि कोसी का पानी एकाएक बढ़ने से ‘जेटी’(20 फीट लंबा) गिर गया है, एप्रोच पथ धंस गया है। जिसे दुरुस्त किया जा रहा है। एक-दो दिनों में इसे पुन: चालू कर दिया जाएगा। बताते चलें कि खगड़िया के गोगरी सर्किल नंबर- एक को मधेपुरा के कपसिया से जोड़ने को लेकर यहां कोसी नदी पर पीपा पुल, बिहार राज्य पुल निर्माण विभाग की ओर से बनाया गया है। जिसका उदघाटन इस वर्ष 28 जनवरी को किया गया था। पुल की लंबाई पांच सौ मीटर, चौड़ाई साढ़े चार मीटर बताई गई है। 26 करोड़ की लागत से पुल बनाया गया है।
वर्तमान में कोसी नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण पुल के एप्रोच पथ के नीचे से मिट्टी खिसकने के कारण धंस गया और पानी में डूब गया।
गोगरी एसडीओ संजय कुमार ने बताया कि पीपा पुल का एप्रोच पथ जलस्तर में वृद्धि के कारण धंस गया है। जिसे लेकर उक्त पुल पर आवागमन पर रोक लगा दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *