उपायुक्त राजीव रंजन ने मोहरदा स्थित प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) निर्माण स्थल का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों एवं कार्य एजेंसी को निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा सभी आवश्यक आधारभूत सुविधाएं समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने कहा कि लाभुकों को बेहतर एवं सुरक्षित आवासीय सुविधा उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।
उन्होंने पेयजल, बिजली, सड़क, नाली एवं साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था शीघ्र बहाल करने को कहा ताकि लाभुकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। निरीक्षण के दौरान बताया गया कि ब्लॉक-8 एवं ब्लॉक-23 का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया गया है, जहां कुल 644 लाभुकों को शिफ्ट किया जाना है।
उपायुक्त ने शिफ्टिंग प्रक्रिया को व्यवस्थित एवं चरणबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश देते हुए संबंधित विभागों के बीच समन्वय बनाकर कार्य करने को कहा। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने, परिसर में स्वच्छता सुनिश्चित करने तथा लाभुकों के लिए सभी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर नियमित मॉनिटरिंग करने का भी निर्देश दिया।
