शहर की ऐतिहासिक एवं प्रतिष्ठित धार्मिक संस्था श्री राजस्थान शिवमंदिर कमेटी जुगसलाई द्वारा शताब्दी वर्ष समारोह 2026 के अंतर्गत विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जा रही है। संस्था के गौरवशाली 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आगामी 7 एवं 8 जून 2026 को देश के सुप्रसिद्ध वक्ता एवं चिंतक पंडित विजय शंकर मेहता का दो दिवसीय व्याख्यान कार्यक्रम आयोजित होगा।
कार्यक्रम का आयोजन जुगसलाई स्थित श्री राजस्थान शिवमंदिर परिसर के नव निर्मित शीत-ताप नियंत्रित ऑडिटोरियम “नारायणम” में प्रतिदिन दोपहर 3:30 बजे से किया जाएगा। पहले दिन 7 जून, रविवार को “एक शाम हनुमान के नाम” विषय पर सफलता के सूत्रों पर विशेष व्याख्यान होगा। वहीं दूसरे दिन 8 जून, सोमवार को “एक शाम परिवार के नाम” कार्यक्रम के अंतर्गत परिवार प्रबंधन एवं पारिवारिक मूल्यों पर मार्गदर्शन दिया जाएगा।
धार्मिक आयोजन को सफल बनाने के लिए मंदिर कमेटी के अध्यक्ष छीतरमल धूत, महामंत्री अरुण अग्रवाल, कोषाध्यक्ष दीपक रामूका एवं कार्यक्रम संयोजक विश्वनाथ शर्मा के नेतृत्व में पूरी टीम सक्रिय रूप से जुटी हुई है। आयोजन समिति में सांवर लाल शर्मा, पवन काबरा, पवन सिंगोदिया, कमल किशोर अग्रवाल सहित श्री राजस्थान शिवमंदिर कमेटी जुगसलाई के सभी सदस्य सहयोग कर रहे हैं।
