August 29, 2026
bihar

झारखंड क्षत्रिय महिला संघ द्वारा गोविंदपुर स्थित दयालसिटी में संघ की नई इकाई का गठन किया गया। इस अवसर पर दयालसिटी एवं गोविंदपुर इकाई की महिलाओं ने संयुक्त रूप से दयालसिटी कम्युनिटी हॉल में भव्य सावन मिलन समारोह का आयोजन किया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संघ की अध्यक्ष डॉ. कविता परमार ने कहा कि महिलाओं की सामाजिक सहभागिता एवं समाज से जुड़े रहने से हमारी भावी पीढ़ी में अच्छे संस्कार विकसित होते हैं तथा परिवार के प्रति उनकी जिम्मेदारियों को समझने और निभाने की प्रेरणा मिलती है।

संघ की महासचिव श्रीमती मंजू सिंह ने संगठन द्वारा वर्षभर आयोजित किए जाने वाले विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सेवा कार्यों की विस्तृत जानकारी देते हुए सभी महिलाओं से सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया।

इस अवसर पर दयालसिटी इकाई के पदाधिकारियों की घोषणा भी की गई। अनुपमा सिंह को दयालसिटी इकाई का अध्यक्ष, स्वाति सिंह को महासचिव तथा रीना सिंह को कोषाध्यक्ष मनोनीत किया गया।

सावन मिलन समारोह के अंतर्गत आयोजित विभिन्न सांस्कृतिक एवं मनोरंजक प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर निशा सिंह को सावन क्वीन तथा रीना सिंह को रनर-अप चुना गया। विजेताओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

पूरे कार्यक्रम में उल्लास, पारंपरिक संस्कृति और आपसी सौहार्द का सुंदर वातावरण देखने को मिला। उपस्थित महिलाओं ने ऐसे आयोजनों को समाज में एकता, संस्कार एवं महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने वाला बताते हुए भविष्य में भी सक्रिय सहभागिता का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *