गोलमुरी सर्कस मैदान में आयोजित राजधानी सर्कस का आयोजन 16 अगस्त तक चलेगा। सोमवार को आयोजित प्रेसवार्ता में सर्कस प्रबंधन ने बताया कि बीते शनिवार से शुरू हुए सर्कस को शहरवासियों का अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। प्रतिदिन तीन शो आयोजित किए जा रहे हैं, जिनके टिकट 100, 150 और 200 रुपये निर्धारित किए गए हैं।
सर्कस में असम, मिजोरम समेत विभिन्न राज्यों से आए प्रशिक्षित कलाकार हवा में रोमांचक स्टंट, संतुलन कला, हास्य प्रस्तुतियों और अन्य हैरतअंगेज करतबों से दर्शकों का मनोरंजन कर रहे हैं। प्रबंधन के अनुसार इस बार कई नए और आधुनिक कार्यक्रम भी शामिल किए गए हैं, जो बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी के लिए आकर्षण का केंद्र हैं।
गौरतलब है कि राजधानी सर्कस का शुभारंभ शनिवार को समाजसेवी चंद्रगुप्त सिंह ने फीता काटकर किया था। उद्घाटन के बाद से लगातार दर्शकों की अच्छी उपस्थिति देखने को मिल रही है। सर्कस प्रबंधन ने शहरवासियों से परिवार सहित गोलमुरी सर्कस मैदान पहुंचकर रोमांचक प्रस्तुतियों का आनंद लेने की अपील की है।
