August 11, 2026
BIHAR

टाटा स्टील ने ओडिशा के जाजपुर स्थित नीलाचल इस्पात निगम लिमिटेड (एनआईएनएल) के फेज-1 विस्तार परियोजना को गति देने के लिए विशेष प्रोजेक्ट टीम का गठन किया है। कंपनी के सीईओ एवं एमडी टीवी नरेंद्रन की ओर से जारी आदेश के अनुसार टीम 15 अगस्त 2026 से प्रभावी होगी।
टाटा स्टील के बोर्ड ने एनआईएनएल में 4.8 एमटीपीए स्टीलमेकिंग क्षमता विस्तार की मंजूरी दी है। इस परियोजना का उद्देश्य रिबार और वायर रॉड जैसे लॉन्ग प्रोडक्ट्स के बाजार में कंपनी की हिस्सेदारी बढ़ाने के साथ पूर्वी भारत में मैन्युफैक्चरिंग इकोसिस्टम को मजबूत करना है। बोर्ड ने इस विस्तार के लिए करीब 33,873 करोड़ रुपये के पूंजीगत निवेश को मंजूरी दी है।
पद्मपाल को प्रोजेक्ट लीड की जिम्मेदारी
आदेश के मुताबिक एनआईएनएल के एमडी एवं सीईओ पद्मपाल को उनकी वर्तमान जिम्मेदारियों के साथ एनआईएनएल फेज-1 प्रोजेक्ट का प्रोजेक्ट लीड नियुक्त किया गया है। परियोजना के क्रियान्वयन से जुड़े मामलों में वे वीपी इंजीनियरिंग एंड प्रोजेक्ट्स को रिपोर्ट करेंगे, जबकि परियोजना के प्रोजेक्ट स्पॉन्सर वीपी ऑपरेशंस, टीएसके के मार्गदर्शन में कार्य करेंगे। वे जाजपुर से ही अपनी जिम्मेदारी संभालेंगे।
वहीं विनीत रंजन त्रिपाठी, चीफ ऑपरेशंस एंड मेंटेनेंस, एनआईएनएल को एनआईएनएल के रोजमर्रा के कारोबार और संचालन की समग्र जिम्मेदारी दी गई है।
नीरज रंजन कुमार होंगे फुल टाइम प्रोजेक्ट मैनेजर
नीरज रंजन कुमार, चीफ प्रोजेक्ट एंड कंस्ट्रक्शन, एनआईएनएल को फुल टाइम प्रोजेक्ट मैनेजर-एनआईएनएल प्रोजेक्ट बनाया गया है। परियोजना के क्रियान्वयन के मामलों में वे प्रोजेक्ट लीड को प्रशासनिक रूप से रिपोर्ट करेंगे और जीएम पीएंडसी, ओडिशा एवं महाराष्ट्र के मार्गदर्शन में काम करेंगे। वे भी जाजपुर से परियोजना का संचालन करेंगे।
तीन अधिकारियों को सपोर्ट टीम में जिम्मेदारी
परियोजना को सहयोग देने के लिए तीन अधिकारियों को विशेष जिम्मेदारी दी गई है—
प्रकाश सिंह, हेड पीएंडसी लॉजिस्टिक्स, एनएल-3 — लॉजिस्टिक्स एवं इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी आवश्यकताओं की जिम्मेदारी संभालेंगे।
अरुण कुमार साहू, हेड लैंड एंड लीज, एल-3 — भूमि, लीज एवं वन स्वीकृति से जुड़े मामलों को देखेंगे।
उत्सव कश्यप, हेड एनवायरनमेंट क्लीयरेंस एंड कंप्लायंस, एल-3 — पर्यावरणीय स्वीकृति एवं अनुपालन से जुड़े कार्यों की जिम्मेदारी संभालेंगे।
उत्सव कश्यप जमशेदपुर से काम करेंगे और आवश्यकता के अनुसार परियोजना स्थल पर समय देंगे, जबकि अन्य अधिकारी जाजपुर से अपनी जिम्मेदारी संभालेंगे।
बॉक्स : पूर्वी भारत में लॉन्ग प्रोडक्ट कारोबार पर फोकस
एनआईएनएल विस्तार को टाटा स्टील की भारत में क्षमता बढ़ाने की रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है। कंपनी पहले ही एनआईएनएल में 4.8 एमटीपीए विस्तार को अपने लॉन्ग प्रोडक्ट्स कारोबार के लिए रणनीतिक परियोजना के रूप में रेखांकित कर चुकी है।

स्वीकृतियों पर रहेगा विशेष जोर
परियोजना की समयबद्ध प्रगति के लिए इंजीनियरिंग एंड प्रोजेक्ट्स, लॉजिस्टिक्स एवं इंफ्रास्ट्रक्चर, लैंड मैनेजमेंट, एनवायरनमेंट मैनेजमेंट, कॉरपोरेट अफेयर्स और भुवनेश्वर स्थित चीफ रेजिडेंट एग्जीक्यूटिव की टीमें मिलकर काम करेंगी। कंपनी का लक्ष्य परियोजना के लिए आवश्यक स्वीकृतियां समय पर हासिल करना है।
एनआईएनएल विस्तार से टाटा स्टील की लॉन्ग प्रोडक्ट्स क्षमता और पूर्वी भारत में औद्योगिक उपस्थिति को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *