November 12, 2026
images

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में बुधवार दोपहर आतंकियों ने CRPF के नाके पर हमला किया. मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए अज्ञात हमलावरों ने वहां तैनात जवानों पर फायरिंग की और फिर मौके से फरार हो गए. इस हमले में CRPF के तीन जवान घायल हुए हैं. तीनों को इलाज के लिए अनंतनाग के सरकारी मेडिकल कॉलेज (GMC) में भर्ती कराया गया है. एक की हालत गंभीर बताई जा रही है.

CRPF के मुताबिक, घटना दोपहर करीब 2:15 बजे हुई. हमलावरों ने नाके पर तैनात जवानों को निशाना बनाया और फायरिंग के बाद मौके से भाग निकले. हमले के बाद CRPF जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की. शुरुआती जानकारी में दो जवानों के घायल होने की बात सामने आई थी, लेकिन बाद में तीन जवानों को अस्पताल पहुंचाए जाने की जानकारी मिली.

घायलों में राकेश दास के पैर में गोली लगी है. उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है. संतोष चंद्रू के पेट और रीढ़ की हड्डी में गोली लगी है. उनकी हालत गंभीर है और उनका ऑपरेशन किया जा रहा है. वहीं, सोमवीर सिंह के बाएं हाथ में गोली लगी है. उनकी हालत भी स्थिर बताई गई है. गंभीर रूप से घायल जवान के शरीर के ऊपरी हिस्से में गोली लगने के कई घाव हैं, अभी उनकी सर्जरी की जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *