डीबीएमएस कदमा हाई स्कूल के ‘कलाकृति’ सभागार में बुधवार को वार्षिक वाग्मिता प्रतियोगिता ‘अभिव्यक्ति की उड़ान’ का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में नर्सरी से कक्षा 12वीं तक के छात्रों ने कविता पाठ, कहानी वाचन, भाषण और टेक-टॉक जैसी विभिन्न विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को अपनी प्रतिभा के प्रदर्शन के लिए मंच उपलब्ध कराने के साथ उनके आत्मविश्वास और प्रभावी अभिव्यक्ति क्षमता का विकास करना था। विद्यार्थियों को अपनी पसंद का विषय चुनने की स्वतंत्रता दी गई थी। छोटे बच्चों ने प्रकृति, बालमन, हास्य, देशभक्ति, प्रेरणा और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली प्रस्तुतियां दीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों ने दीप प्रज्वलित कर किया। निर्णायक मंडली में काशीडीह हाई स्कूल की हिंदी विभागाध्यक्ष रीता मिश्रा, सेक्रेड हार्ट कॉन्वेंट की हिंदी विभागाध्यक्ष सुषमा सैमसन तथा विद्या भारती चिन्मया विद्यालय, टेल्को की हिंदी एवं संस्कृत विभागाध्यक्ष सुचित्रा सिंह शामिल थीं। निर्णायकों ने उच्चारण, भावाभिव्यक्ति, विषय-वस्तु और प्रस्तुति शैली के आधार पर विद्यार्थियों का मूल्यांकन किया।
निर्णायकों ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उन्हें मंच पर प्रभावी ढंग से अपने विचार रखने के लिए तैयार करती हैं। विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण प्रस्तुतियों ने पूरे कार्यक्रम को जीवंत बना दिया।
प्रतियोगिता के परिणाम
सामूहिक काव्य-पाठ:
नर्सरी-सी, एलकेजी-ए, यूकेजी-बी, कक्षा 2-डी और कक्षा 3-ए विजेता रहे।
एकल काव्य-पाठ (कक्षा 5-6):
प्रथम- रूपांजना घोष, द्वितीय- अथर्व पांडे, तृतीय- कृतिका सोनी।
कहानी वाचन (कक्षा 7-8):
प्रथम- सृष्टि शुभम सामंत, द्वितीय- मायरा काजमी, तृतीय- अनन्या कुमारी।
भाषण प्रतियोगिता (कक्षा 9-10):
प्रथम- सृष्टि पाठक, द्वितीय- चिरश्री बेरा, तृतीय- रोहिणी कुमारी।
टेक-टॉक (कक्षा 11-12):
प्रथम- दक्ष कुमार साहू, द्वितीय- अस्मिता सिंह, तृतीय- उज़ैर काजमी।
इस अवसर पर डीबीएमएस संस्था के चेयरपर्सन (फाइनेंस) डॉ. बी. चंद्रशेखर, चेयरपर्सन एवं एडमिनिस्ट्रेशन ललिता चंद्रशेखर, सचिव अनीता रामकृष्ण, संयुक्त सचिव उषा मालिनी, कोषाध्यक्षा भुवना कृष्णन, संयुक्त कोषाध्यक्षा पी.एस. अरुणा, प्रधानाचार्या गुरप्रीत भामरा, उप-प्रधानाचार्या सुपर्णा राय एवं एस. शिरीन, शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक और विद्यार्थी उपस्थित थे।
हिंदी विभागाध्यक्ष रानी कुमारी के मार्गदर्शन तथा हिंदी विभाग के सदस्यों के सहयोग से प्रतियोगिता सफलतापूर्वक संपन्न हुई। समापन धन्यवाद ज्ञापन, विद्यालय गीत और राष्ट्रगान के साथ हुआ।
