पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले में जांच का दायरा बिहार और उत्तर प्रदेश तक फैल गया है।
इस मामले में अब तक कुल चार संदिग्धों को हिरासत में लिए जाने की सूचना है, जिनसे पश्चिम बंगाल पुलिस पूछताछ कर रही है। इनमें एक को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया, जबकि शेष तीन से पूछताछ जारी है। इस मामले की जांच कर रही पश्चिम बंगाल पुलिस ने बिहार एसटीएफ के सहयोग से बक्सर के मुफस्सिल थाना क्षेत्र से विशाल श्रीवास्तव नामक युवक को हिरासत में लिया था।
हालांकि, पूछताछ के बाद विशाल को स्थानीय मुफस्सिल थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया है, क्योंकि उस पर पहले से कुछ स्थानीय मामले दर्ज हैं। अयोध्या से एक संदिग्ध हिरासत में
यूपी पुलिस सूत्रों के अनुसार, चंद्रनाथ रथ मामले में कोलकाता पुलिस ने बलिया निवासी राज सिंह को अयोध्या से हिरासत में लिया है।
बताया जा रहा है कि राज सिंह कुछ समय से बक्सर में भी रह रहा था और गिरफ्तारी के डर से अयोध्या में छिपा हुआ था। कोलकाता पुलिस उसे अपने साथ ले गई है।
इस संबंध में बलिया एसपी के पीआरओ ने बताया कि उन्हें खबरों के माध्यम से राज सिंह को हिरासत में लिए जाने की जानकारी मिली है और पुलिस टीम अब उसके बारे में पता लगा रही है। राज सिंह के अलावा मयंक मिश्रा और विक्की मौर्य नाम के दो अन्य युवकों को भी हिरासत में लिया गया है। वर्तमान में इन तीनों संदिग्धों को हिरासत में रखकर गहन पूछताछ की जा रही है। अभी तक किसी भी एजेंसी द्वारा इनकी गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, केवल हिरासत में लेकर मामले की कड़ियां जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
स्थानीय पुलिस की अनभिज्ञता
इस पूरे अभियान के दौरान गोपनीयता बरती गई। स्थानीय पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पश्चिम बंगाल पुलिस ने बिहार एसटीएफ के साथ मिलकर यह कार्रवाई की थी, जिसकी कोई पूर्व सूचना स्थानीय पुलिस को नहीं दी गई थी। फिलहाल पुलिस इन संदिग्धों से मिली जानकारियों के आधार पर आगे की जांच में जुटी है। बक्सर के एसपी शुभम आर्य ने इस बारे में कोई भी जानकारी देने से इनकार किया है।
