जिले के विभूतिपुर थाना क्षेत्र में रविवार शाम अपराधियों ने मुर्गा दुकानदार की गला रेतकर हत्या कर दी।
खोकसाहा-हरिचक पथ किनारे टेकना चौक पर स्थित दुकान में वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी फरार हो गए। मृतक की पहचान साखमोहन निवासी शंकर दास के 40 वर्षीय पुत्र अशोक दास के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, अशोक दास रोज की तरह रविवार को भी अपनी फूस और एस्बेस्टस की दुकान पर मुर्गा काटकर मांस बेच रहे थे।
इसी दौरान सुनसान का फायदा उठाकर पहुंचे अपराधियों ने मुर्गा काटने वाले धारदार हथियार से उनका गला रेत दिया। वारदात के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए।
कुछ देर बाद उसकी पत्नी पहुंची तो उसे मृृत पाया। उन्होंने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग घटनास्थल पर जुट गए। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। हत्या की खबर फैलते ही घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। मृतक के स्वजन रोते-बिलखते हुए घटना के पीछे पूर्व की दुश्मनी को कारण बता रहे थे। स्वजन ने इसी विवाद में हत्या किए जाने की आशंका जताई है। रोसड़ा सर्किल इंस्पेक्टर मनोज कुमार ने बताया कि वह रामपुरघाट में वाहन जांच करवा रहे थे। इसी दौरान उन्हें टेकना चौक पर हत्या की सूचना मिली।
उन्होंने थानाध्यक्ष को जानकारी देते हुए गश्ती दल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया पूर्व के विवाद में मुर्गा काटने वाले धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या किए जाने की आशंका है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। घटना के सभी पहलुओं की छानबीन की जा रही है।
