September 24, 2026
Bewafaa-Official-Song

अक्षय ओबेरॉय और हेली दारूवाला की आगामी फिल्म ‘लव लॉटरी’ को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ती जा रही है। फिल्म के पहले गाने ‘नजर लग जाएगी’ के बाद अब निर्माताओं ने दूसरा गीत ‘बेवफा’ जारी कर दिया है। प्यार, शादी और रिश्तों में पैदा होने वाले अविश्वास पर आधारित यह गीत कहानी के भावनात्मक पहलू को सामने लाता है। गीत में टूटते भरोसे, धोखे और रिश्ते में पैदा हुए दर्द को जज्बाती अंदाज में पेश किया गया है।

‘बेवफा’ को उत्तराखंड की खूबसूरत वादियों में फिल्माया गया है। इसके बोल अरविंद पांडे ने लिखे हैं और कृष्ण बेउरा ने अपनी आवाज दी है। गीत का संगीत वरुण मिश्रा और अरविंद पांडे ने तैयार किया है। फिल्म की कहानी में प्रेम और रिश्तों के साथ शक, धोखे और कानूनी लड़ाई जैसे पहलू भी शामिल हैं, ऐसे में यह गीत कहानी के भावनात्मक हिस्से को और गहराई देता है।

‘लव लॉटरी’ की कहानी भरनी वर्मा की रहस्यमय मौत के बाद शुरू होने वाली घटनाओं के इर्द-गिर्द घूमती है। इस मामले में कार्तिक सक्सेना शक के घेरे में आ जाता है और इसके बाद सच की तलाश के साथ एक जटिल कानूनी लड़ाई शुरू होती है। निर्देशक अरविंद पांडे के मुताबिक, ‘बेवफा’ कहानी में रिश्तों के टूटने के बाद पैदा होने वाले दर्द और अकेलेपन को सामने लाता है। निर्माता कुलदीप भार्गव ने भी कहा कि फिल्म में सस्पेंस के साथ रिश्तों से जुड़े भावनात्मक संघर्ष को अहम जगह दी गई है।

फिल्म में अक्षय ओबेरॉय और हेली दारूवाला के अलावा कबीर दुहान सिंह, विजयंत कोहली, हेमंत पांडे, इंदिरा कृष्णन और संतोष शुक्ला प्रमुख भूमिकाओं में हैं। फिल्म का निर्देशन अरविंद पांडे ने किया है, जबकि कहानी और लेखन अंकुर खत्री का है। कुलदीप भार्गव के निर्माण में सिनेमा-गंज फिल्म्स के बैनर तले बनी ‘लव लॉटरी’ 25 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *