जुगसलाई स्थित शताब्दी वर्ष पूर्ण कर चुके श्री राजस्थान शिवमंदिर में गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर पारंपरिक रूप से अन्नकूट महोत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल रहा और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन कर अन्नकूट महाप्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्री लक्ष्मी-नारायण जी को अन्नकूट महाप्रसाद का भोग अर्पित करने के साथ हुआ। इसके बाद विधिवत पूजा-अर्चना एवं आरती की गई। मंदिर प्रबंधन की ओर से सभी श्रद्धालुओं को दीपावली की शुभकामनाएं भी दी गईं।
महोत्सव में करीब डेढ़ हजार श्रद्धालु शामिल हुए। इनमें शहर के कई प्रमुख उद्योगपति, समाजसेवी, धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता शामिल थे। सभी ने श्रद्धापूर्वक अन्नकूट महाप्रसाद ग्रहण किया।
आयोजन को सफल बनाने में छीतरमल धूत, अरुण अग्रवाल, दीपक अग्रवाल रामूका, पवन काबरा, पवन सिंगोदिया, सुशील सर्वा, संजय गुप्ता, सांवर लाल शर्मा, विश्वनाथ शर्मा सहित श्री राणी सती सत्संग समिति के सदस्यों एवं अनेक सामाजिक कार्यकर्ताओं का सराहनीय योगदान रहा।
