नुवोको सीमेंट कंपनी में कार्यरत ठेका मजदूरों को 20 प्रतिशत बोनस देने की मांग उठी है। सीमेंट कामगार यूनियन के महासचिव सह एटक (एआईटीयूसी), झारखंड के सचिव अम्बुज कुमार ठाकुर ने गुरुवार को इस संबंध में कंपनी के उपाध्यक्ष हरि किशोर को लिखित आवेदन सौंपा।
अम्बुज कुमार ठाकुर ने कहा कि कंपनी में केवल 26 स्थायी मजदूर कार्यरत हैं, जबकि लगभग 1100 ठेका मजदूरों के श्रम से कंपनी का उत्पादन होता है। इसके बावजूद ठेका मजदूरों को मात्र 8.33 प्रतिशत बोनस दिया जाता है। उन्होंने इसे मजदूरों के बीच असमानता का मामला बताते हुए ठेका मजदूरों को भी 20 प्रतिशत बोनस देने की मांग की।
उन्होंने बताया कि इस मुद्दे पर एटक के राज्य महासचिव अशोक यादव और राष्ट्रीय सचिव विद्यासागर गिरी से भी बातचीत हुई है। दोनों नेताओं ने इस मामले में निकट भविष्य में आगे की रणनीति बनाने की बात कही है।
यूनियन महासचिव ने प्रबंधन से दुर्गापूजा से पहले बोनस पर निर्णय लेने का आग्रह किया है, ताकि मजदूरों को त्योहार के अवसर पर राहत मिल सके और औद्योगिक शांति बनी रहे।
