नीट पुनर्परीक्षा में सॉल्वर गिरोह की सक्रिय भूमिका के उद्भेदन के बाद अब बिहार पुलिस रेडियो ऑपरेटर परीक्षा में भी ऐसे ही गिरोह की भूमिका सामने आई है।
रविवार को आयोजित बिहार पुलिस रेडियो ऑपरेटर परीक्षा के दौरान खगड़िया में 15, सहरसा में तीन और किशनगंज एवं जमुई में एक-एक अभ्यर्थी को हिरासत में लिया गया। इनसे पूछताछ की जा रही है। इन सभी के तार सॉल्वर गिरोह से जुड़े होने की आशंका है।
खगड़िया में रोजवड स्कूल और एसआर उच्च विद्यालय समेत अन्य केंद्रों से 12 फर्जी परीक्षार्थियों को पकड़े जाने की सूचना है।
परमानंदपुर में एनएच 31 के पास एक होटल में भी छापेमारी की गई जहां से तीन सेटरों को हिरासत में लिया गया है। खगड़िया के सदर एसडीपीओ-01 मुकुल रंजन ने बताया कि फर्जी परीक्षार्थी पकड़े गए हैं, पूछताछ और केस दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है।
सब कुछ स्पष्ट होने के बाद ही अधिकारिक तौर पर कुछ बताया जाएगा। गिरफ्तार फर्जी परीक्षार्थी और सेटर आरा, नवादा समेत अन्य जिलों के बताए जा रहे हैं।
वहीं, सहरसा पुलिस को सूचना मिली थी कि परीक्षा में भी सॉल्वर गिरोह सक्रिय है। छपले दो लोगों को हिरासत में लिया गया।
इनमें बनमा इटहरी निवासी लक्ष्मी प्रसाद यादव का पुत्र चंदन कुमार के पास से ब्लैंक चेक एवं एवं सर्टिफिकेट भी बरामद किया गया है।
वह पॉलीटेक्निक कैवेंडिश रेजिडेंशियल स्कूल का शिक्षक है। दूसरे की पहचान सिमराहा निवासी उपेंद्र यादव के पुत्र चंदन के रूप में हुई है।
मुजफ्फरपुर में फर्जी बायोमीट्रिक कर्मचारी गिरफ्तार
वहीं, केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) की ओर से सिपाही (प्रचालक) भर्ती परीक्षा के दौरान रविवार को मुजफ्फरपुर में फर्जी बायोमीट्रिक कर्मचारी पकड़ा गया।
मामला शहर के मिठनपुरा स्थित चैपमैन बालिका उच्च विद्यालय परीक्षा केंद्र का है। संदिग्ध व्यक्ति बायोमीट्रिक एजेंसी का अधिकारी बता परीक्षा केंद्र में प्रवेश करने की कोशिश कर रहा था।
बेतिया शहर के विपिन उच्च विद्यालय स्थित परीक्षा केंद्र पर ब्लूटूथ के सहारे नकल करने में नवादा जिले के फतहा गांव निवासी अजय कुमार को पकड़ा गया। स्टेशनों पर उमड़े परीक्षार्थी
बिहार पुलिस सिपाही बहाली परीक्षा के मद्देनजर रविवार को राज्य के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर परीक्षार्थियों की भीड़ देखने को मिली।
पटना जंक्शन, राजेंद्र नगर टर्मिनल, दानापुर और अन्य प्रमुख स्टेशनों पर सुबह से ही अभ्यर्थियों का पहुंचना शुरू हो गया। ट्रेनों के प्लेटफार्म और प्रतीक्षालय परीक्षार्थियों से भरे रहे।
भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने अतिरिक्त टिकट काउंटर, हेल्प डेस्क और सुरक्षा व्यवस्था की। यात्रियों की सुविधा के लिए आरपीएफ और जीआरपी के जवानों की अतिरिक्त तैनाती की गई।
ट्रेनों में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अधिकारियों ने स्वयं मोर्चा संभाला और यात्रियों से अनुशासन बनाए रखने की अपील की।
दानापुर मंडल की ओर से परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए शनिवार व रविवार दोनों दिन मिलाकर 13 परीक्षा स्पेशल ट्रेनों का भी परिचालन किया गया।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि भीड़ को देखते हुए ट्रेनों के संचालन और प्लेटफार्म प्रबंधन पर विशेष नजर रखी जा रही है। दूसरी ओर, जिला प्रशासन और पुलिस भी स्टेशनों पर सतर्क रही।
