July 27, 2026
0e67bb4a-f6b9-497b-9165-72cb6e51bf6e (1)

अगर आप नाश्ते या डिनर में कुछ हल्का, स्वादिष्ट और पौष्टिक खाना चाहते हैं, तो चावल के आटे और चना दाल से बने फरे एक बेहतरीन विकल्प हैं। हाई प्रोटीन से भरपूर यह पारंपरिक डिश उत्तर प्रदेश और बिहार में काफी लोकप्रिय है। कम तेल में बनने के कारण इसे हेल्दी फूड भी माना जाता है। इसे हरी चटनी, टमाटर की चटनी, नारियल की चटनी या सॉस के साथ परोसा जा सकता है।

फरे बनाने की आसान रेसिपी

स्टेप 1: चना दाल तैयार करें

सबसे पहले चना दाल को 3 से 4 घंटे के लिए पानी में भिगो दें। जब दाल अच्छी तरह फूल जाए, तो उसका पानी निकालकर साफ कर लें।

स्टेप 2: स्टफिंग बनाएं

भीगी हुई दाल को अदरक, जीरा, हरी मिर्च और लहसुन के साथ बिना पानी डाले दरदरा पीस लें। इसके बाद इसमें नमक, हल्दी, हींग और बारीक कटा हरा धनिया मिलाकर अच्छी तरह तैयार कर लें।

स्टेप 3: चावल का आटा गूंधें

एक पैन में पानी उबालें और उसमें थोड़ा नमक व थोड़ा सा तेल डालें। गैस बंद करने के बाद गर्म पानी में चावल का आटा डालकर अच्छी तरह मिला दें। इसे करीब 5 मिनट तक ढककर रखें। फिर हाथों से मसलते हुए मुलायम आटा तैयार करें। अब छोटी-छोटी लोइयां बनाकर उन्हें पूरी की तरह बेल लें और बीच में दाल की स्टफिंग भरें।

स्टेप 4: फरे का आकार दें

भरी हुई पूरी को हल्के से मोड़कर गुजिया जैसा आकार दें, लेकिन किनारों को पूरी तरह बंद न करें। इसी तरह सभी फरे तैयार कर लें।

स्टेप 5: स्टीम करें और तड़का लगाएं

स्टीमर में पानी गर्म करें और तैयार फरों को 15 से 20 मिनट तक भाप में पकाएं। इसके बाद एक कड़ाही में सरसों का तेल गर्म करें। उसमें राई, हींग, करी पत्ता और साबुत लाल मिर्च का तड़का लगाएं। अब स्टीम किए हुए फरों को इसमें डालकर हल्का सा भून लें।

ऐसे करें सर्व

गरमा-गरम फरे को हरी चटनी, टमाटर की चटनी, सॉस, नारियल की चटनी या मूंगफली की चटनी के साथ परोसें। स्वाद और पौष्टिकता से भरपूर यह पारंपरिक डिश एक बार खाने के बाद हर किसी की पसंद बन जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *