भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) सिंहभूम जिला परिषद ने जंतर-मंतर में हुए छात्र आंदोलन के समर्थन में राष्ट्रपति के नाम पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त के माध्यम से ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में छात्र आंदोलन से जुड़े लोगों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने, किसी भी प्रकार की प्रताड़ना पर रोक लगाने तथा शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग की गई।
जिला सचिव अंबुज कुमार ठाकुर ने कहा कि छात्रों के लंबे आंदोलन के बाद सरकार को उनकी कुछ मांगें स्वीकार करनी पड़ीं और पेपर लीक मामले में शिक्षा मंत्री को इस्तीफा देना पड़ा। उन्होंने कहा कि अब आंदोलन में शामिल छात्रों और उनके परिवारों को किसी प्रकार से परेशान नहीं किया जाना चाहिए।
ज्ञापन में मांग की गई है कि आंदोलनकारियों पर दर्ज सभी मुकदमे तत्काल वापस लिए जाएं, आंदोलन का समर्थन करने वाले लोगों को प्रताड़ित न किया जाए तथा बिना वर्दी छात्रों पर लाठीचार्ज करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। इसके अलावा एनटीए के चेयरपर्सन को हटाने, परीक्षा केंद्र दूसरे जिले में होने पर छात्रों के लिए निःशुल्क बस या रेल यात्रा की व्यवस्था करने तथा शिक्षा के क्षेत्र में बढ़ते निजीकरण पर रोक लगाने की भी मांग की गई।
अंबुज कुमार ठाकुर ने कहा कि छात्रों के भविष्य और देश की शिक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए केंद्र एवं राज्य सरकार को इन मांगों पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र आवश्यक कदम उठाने चाहिए। ज्ञापन पर जिला सचिव अंबुज कुमार ठाकुर सहित पार्टी के कई पदाधिकारियों के हस्ताक्षर हैं।
