August 7, 2026
4317997-ration-card

बिहार के राशन कार्ड आवेदकों के लिए बड़ी खबर है। राज्य सरकार ने नए राशन कार्ड तैयार करने की प्रक्रिया में तेजी ला दी है। सरकार का लक्ष्य है कि 13 अगस्त तक 11 लाख से अधिक नए राशन कार्ड तैयार कर लिए जाएं और 15 अगस्त तक पात्र परिवारों को उनका राशन कार्ड उपलब्ध करा दिया जाए।

इस अभियान को समय पर पूरा करने के लिए खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने पूरी तैयारी कर ली है। विभाग के विशेष सचिव उपेंद्र कुमार ने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कार्यों की समीक्षा की। बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि अब तक प्राप्त सभी आवेदनों को जल्द से जल्द ऑनलाइन दर्ज किया जाए और उनका सत्यापन निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए।

विभाग ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया है कि ऑनलाइन पोर्टल से जुड़ी किसी भी तकनीकी समस्या का तुरंत समाधान किया जाए, ताकि पात्र परिवारों के आवेदन लंबित न रहें। विभाग के अनुसार, वर्तमान में हर दिन करीब 36 हजार नए राशन कार्ड तैयार किए जा रहे हैं। अधिकारियों को उम्मीद है कि इसी गति से काम जारी रहा तो तय समय में सभी पात्र परिवारों को राशन कार्ड उपलब्ध करा दिए जाएंगे।

राशन कार्ड के लिए आवेदन करने वाले लोगों को जरूरी दस्तावेज तैयार रखने की सलाह दी गई है। आवेदन के लिए आधार कार्ड, बैंक पासबुक, आय प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र और परिवार का सामूहिक फोटो आवश्यक है। इच्छुक लोग स्मार्ट पीडीएस पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा पंचायत स्तर पर लगाए जा रहे विशेष शिविरों में भी आवेदन जमा करने की सुविधा दी जा रही है।

समीक्षा बैठक में सामने आया कि दरभंगा सदर, अररिया, सहरसा सदर, नवादा सदर, बिरौल और गया सदर अनुमंडलों में ऑनलाइन एंट्री और वेरिफिकेशन का काम तेजी से चल रहा है। वहीं मुंगेर, दानापुर और पूर्णिया सदर अनुमंडलों के अधिकारियों को प्रक्रिया में और तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।

सरकार ने सभी अधिकारियों को लंबित आवेदनों का जल्द निपटारा करने और पात्र परिवारों को समय पर राशन कार्ड उपलब्ध कराने का आदेश दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *