September 24, 2026
g20-5jpg_1765711828450

मुजफ्फरपुर में फर्जी दस्तावेजों के सहारे बैंक से करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। ICICI बैंक लिमिटेड को 1 करोड़ 74 लाख 81 हजार 387 रुपये का नुकसान पहुंचाने के आरोप में मिठनपुरा थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

यह मामला ICICI बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक (वित्तीय अपराध निवारण) आनंद कुमार की शिकायत पर दर्ज किया गया है। आरोप है कि जालसाजों ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर बैंक में जमा किए और बंधक रखी गई FD को छुड़ा लिया।

पुलिस के अनुसार, सदर थाना क्षेत्र के गोबरसही कृष्णा नगर स्थित MS स्किलजा ग्रोथ प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक अवनीश कुमार शर्मा ने ICICI बैंक में 10 फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) खाते खोले थे। इन FD के आधार पर M लॉर्ड्स मार्क इंडस्ट्रीज लिमिटेड के नाम से पंचायती राज कार्यालयों के लिए 1.74 करोड़ रुपये की 10 बैंक गारंटी जारी की गई थी।

आरोप है कि इसके बाद फर्जी डिस्चार्ज पत्र और बैंक गारंटी क्लोजर लेटर तैयार कर बैंक में जमा किए गए। इन दस्तावेजों के आधार पर बंधक FD को रिलीज करा लिया गया।

मामले की जानकारी तब सामने आई जब M लॉर्ड्स मार्क इंडस्ट्रीज लिमिटेड की ओर से शिकायत की गई। इसके बाद बैंक ने जांच शुरू की। आंतरिक जांच में बैंक अधिकारियों ने किसी भी तरह का डिस्चार्ज पत्र या क्लोजर लेटर जारी करने से इनकार किया।

बैंक अधिकारियों ने अवनीश कुमार शर्मा, संजीव कुमार और डॉली कुमारी पर साजिश के तहत धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि इस फर्जीवाड़े से बैंक को भारी आर्थिक क्षति हुई है।

मिठनपुरा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब पूरे मामले में शामिल लोगों, दस्तावेजों और लेनदेन की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *