गोलमुरी स्थित केरल समाजम मॉडल स्कूल (KSMS) में बुधवार को आईआईटी बॉम्बे के ई-सेल की पहल NEC Jr. के सहयोग से एंटरप्रेन्योरशिप क्लब का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर आयोजित ओरिएंटेशन कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में नवाचार, रचनात्मक सोच और उद्यमिता की भावना विकसित करना था। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्राचार्या रीना बनर्जी, प्रधानाध्यापिका सुजाता सिंह तथा वाणिज्य विभागाध्यक्ष सैकत नंदी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान विद्यार्थियों को क्लब की कार्यप्रणाली, उद्देश्य और उद्यमिता से जुड़ी विभिन्न संभावनाओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में बताया गया कि क्लब के माध्यम से विद्यार्थियों को नए व्यावसायिक विचार विकसित करने, समस्या समाधान की क्षमता बढ़ाने तथा व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। क्लब के तहत आइडिएशन चैलेंज, कार्यशालाएं, मेंटरिंग सत्र, बिजनेस गतिविधियां तथा विभिन्न उद्यमिता परियोजनाओं और प्रतियोगिताओं में भागीदारी कराई जाएगी। इस पहल का संचालन सरबजीत कौर एवं संदीप भोगल करेंगे। दोनों शिक्षक विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए उन्हें उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेंगे।
कार्यक्रम के अंत में सुदीपा ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए सभी अतिथियों, विद्यार्थियों और आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि एंटरप्रेन्योरशिप क्लब की शुरुआत छात्रों में नवाचार, नेतृत्व क्षमता और उद्यमशीलता की संस्कृति विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे वे भविष्य में आत्मविश्वासी, सृजनशील और सफल उद्यमी बन सकें।
