August 17, 2026
image (2)

पटना के श्रीकृष्णापुरी इलाके से इंस्टाग्राम पर पिस्टल के साथ फोटो और वीडियो वायरल हो रही थी। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 4 युवकों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक पिस्टल, मैगजीन, दो कारतूस, पांच मोबाइल फोन और 15,500 रुपए नकद बरामद किए हैं। वायरल फोटो में दिखाई दे रही पिस्टल का कथित मालिक हिमांशु नाम का युवक फिलहाल फरार है। जानकारी के मुताबिक, ‘SUXHANT XNH’ नाम की इंस्टाग्राम आईडी से पिस्टल के साथ फोटो और वीडियो स्टोरी वायरल हो रही थी। इसकी सूचना मिलते ही सत्यापन और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सचिवालय एसडीपीओ-1 डॉ. अनु कुमारी के नेतृत्व में SIT का गठन किया गया। SIT ने छापेमारी कर सुशांत कुमार (19) को बिरयानी महल से गिरफ्तार किया। पूछताछ और उसकी निशानदेही पर पुलिस ने SP बॉयज हॉस्टल के बगल स्थित एक कमरे से पिस्टल और कारतूस बरामद किए। इसी दौरान पुलिस ने संजीत कुमार, सोनू कुमार और राज किशोर को भी दूसरी पिस्टल के साथ पकड़ा। पुलिस के मुताबिक, वायरल रील में जिस पिस्टल का इस्तेमाल किया गया था, उसका कथित मालिक हिमांशु फरार हो गया। पुलिस पूछताछ में सुशांत ने बताया कि वह SP बॉयज हॉस्टल में घूमने गया था। वहां उसकी मुलाकात हिमांशु से हुई, जिसके पास तीन पिस्टल थीं। सुशांत ने उन्हीं में से एक पिस्टल के साथ फोटो खिंचवाई और उसे अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपलोड कर दिया।
सुशांत के मुताबिक, वायरल फोटो में दिख रही पिस्टल हिमांशु की थी। पुलिस अब हिमांशु की तलाश में छापेमारी कर रही है।
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों के पास अन्य पिस्टल होने की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस उन हथियारों की बरामदगी के लिए अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर रही है।
तलाशी के दौरान पुलिस को कमरे में किताबों की तुलना में बड़ी संख्या में सिगरेट भी मिली। बताया जा रहा है कि पकड़े गए युवक यहां पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए रह रहे थे। सचिवालय एसडीपीओ-1 डॉ. अनु कुमारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। बरामद हथियारों और मोबाइल फोन की जांच के साथ फरार हिमांशु की तलाश की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि आरोपियों के पास हथियार कहां से पहुंची और उनका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जा रहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *