नीलाचल इस्पात निगम लिमिटेड (एनआईएनएल) की आयरन ओर माइंस की ओर से सुंदरगढ़ जिले के कोइड़ा प्रखंड स्थित पटुली गांव के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में ‘एक पेड़ माँ के नाम 3.0’ अभियान के तहत 77वां वन महोत्सव आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 250 से अधिक विद्यार्थियों, ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली।
विद्यालय के विद्यार्थियों ने गांव में जागरूकता रैली निकालकर वृक्षारोपण और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। मुख्य अतिथि बोनाई के प्रभागीय वन अधिकारी (डीएफओ) जशबंत सेठी ने पौधारोपण कर लोगों से लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने और वनीकरण अभियान को जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया। विशिष्ट अतिथि सहायक वन संरक्षक (एसीएफ) दुर्योधन जेराई ने पारिस्थितिक संतुलन बनाए रखने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।
इस अवसर पर पर्यावरण विषयक पोस्टर एवं चित्रकला प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया तथा वन संरक्षण में उल्लेखनीय योगदान देने वाले स्थानीय नागरिकों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में पाटमुंडा ग्राम पंचायत के पूर्व सरपंच अबिनाश सुमन बागे, एनआईएनएल के हेड (माइनिंग) पंकज कुमार, वार्ड सदस्य, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य, शिक्षक, विद्यार्थी एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे। आयोजन के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी का संदेश प्रभावी ढंग से प्रसारित किया गया।
