नीट पेपर लीक मामले को लेकर चल रहे देशव्यापी आंदोलन की आंच गुरुवार को जहानाबाद तक पहुंच गई। दोपहर बाद छात्रों का प्रदर्शन अचानक उग्र हो गया। शहर के अलग-अलग हिस्सों से छात्र समूहों में मुख्य मार्ग पर पहुंचे और देखते ही देखते बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी जुट गए।
छात्रों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और पेपर लीक की निष्पक्ष जांच की मांग की। प्रदर्शनकारी मुख्य मार्ग से होते हुए डीएम आवास की ओर बढ़े और घेराव का प्रयास किया। पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोकने की कोशिश की, जिसके बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया।
इसी दौरान प्रदर्शनकारियों की ओर से पुलिस पर ईंट-पत्थर फेंके जाने की बात सामने आई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया और हवाई फायरिंग की। इसके बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरातफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे। डीएम आवास के समीप से हटने के बाद प्रदर्शनकारी अरवल मोड़ पहुंचे और मुख्य सड़क को जाम कर दिया। पुलिस के पहुंचने पर प्रदर्शनकारी वहां से हटकर अस्पताल मोड़ की ओर चले गए।
वहां भी छात्रों ने सड़क पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इसके चलते शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित हो गया और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। शहर में जगह-जगह छात्रों का जमावड़ा, पुलिस ने संभाला मोर्चा
शाम तक शहर के विभिन्न हिस्सों में छात्रों का जमावड़ा बना रहा। पुलिस लगातार प्रदर्शनकारियों को शांत कराने और स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी रही।
प्रदर्शन के कारण प्रमुख मार्गों पर तनावपूर्ण माहौल बना रहा। बीच-बीच में पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच नोकझोंक की स्थिति भी सामने आई।
प्रदर्शनकारी नीट पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
छात्रों का कहना है कि परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि मेहनत करने वाले अभ्यर्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ न हो।
वहीं प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। समाचार लिखे जाने तक शहर में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई थी और पुलिस हालात पर नजर रख रही थी।
