पटना जंक्शन के जनरल टिकट हाल में बुधवार को टिकट जारी करने के दौरान दो महिला बुकिंग क्लर्कों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों आपस में मारपीट पर उतर आईं।
घटना दोपहर करीब एक बजे की बताई जा रही है। घटना के दौरान टिकट काउंटर पर मौजूद यात्रियों और रेल कर्मचारियों के बीच कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया। रेल कर्मचारियों के अनुसार, जनरल टिकट काउंटर पर यात्रियों की लंबी कतार लगी थी। इसी दौरान एक काउंटर से दूसरे काउंटर पर यात्रियों को भेजने को लेकर दोनों महिला बुकिंग क्लर्कों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
पहले करीब आधे घंटे तक दोनों के बीच तीखी नोकझोंक होती रही, लेकिन विवाद शांत होने के बजाय और बढ़ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कहासुनी के बाद दोनों महिला कर्मचारी एक-दूसरे से उलझ गईं।
मारपीट के दौरान एक महिला क्लर्क ने दूसरी को दांत से काट लिया, जबकि दूसरी ने नाखून से हमला कर उसे घायल कर दिया।
दोनों के हाथों से खून निकलने लगा। हंगामे की सूचना मिलते ही पटना जंक्शन पर तैनात रेलवे अधिकारियों और अन्य कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर दोनों को अलग कराया और स्थिति को नियंत्रित किया।
