मिथिला सांस्कृतिक परिषद, जमशेदपुर की कार्यकारिणी समिति का चुनाव 2 अगस्त को गोलमुरी स्थित परिषद परिसर में होगा। मतदान सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक होगा। चुनाव में 24 कार्यकारिणी सदस्यों के चयन के लिए 34 प्रत्याशी मैदान में हैं, जबकि 11 सदस्य पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं।
निर्वाचित 35 कार्यकारिणी सदस्य चुनाव परिणाम घोषित होने के 48 घंटे के भीतर अध्यक्ष और महासचिव का चुनाव करेंगे। इसके बाद नई कार्यकारिणी चार उपाध्यक्ष, तीन सहायक महासचिव, तीन संयुक्त सचिव, एक कोषाध्यक्ष, एक आंतरिक अंकेक्षक तथा एक प्रेस प्रवक्ता का चयन करेगी। परिषद में कुल 2069 आजीवन सदस्य हैं।
मुख्य चुनाव अधिकारी डॉ. अशोक अविचल ने बताया कि विभिन्न क्षेत्रों में कड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा। आदित्यपुर उप क्षेत्र से पांच, गम्हरिया से एक, बागबेड़ा से चार, सोनारी से दो, सिदगोड़ा से तीन, बारीडीह से तीन, जोजोबेड़ा से दो तथा कदमा से चार सदस्य चुने जाएंगे।
वहीं मानगो, बिष्टुपुर, टेल्को, गोविंदपुर, साकची और गोलमुरी क्षेत्रों से कुल 11 उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए हैं। चुनाव को लेकर परिषद के सदस्यों में उत्साह का माहौल है और मतदान की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
