मानगो बाजार क्षेत्र की अलग-अलग समस्याओं को लेकर बाजार सुरक्षा समिति का प्रतिनिधिमंडल मेयर सुधा गुप्ता व पूर्व मंत्री बन्ना गप्ुता से मिला. उन्होंने बाजार की स्थिति से अवगत कराया. प्रतिनधिमंडल ने मानगो बाजार में सडक़, बिजली, सफाई व्यवस्था व बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने की मांग की। बाजार सुरक्षा समिति के सदस्यों ने मेयर सुधा गुप्ता व पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता से कहा कि मानगो बाजार शहर के प्रमुख व्यावसायिक केन्द्रों में शामिल है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए पहुंचते हैं, लेकिन कई जगहों की सडक़ें जर्जर है, नियमित सफाई नहीं होने से व्यापारियों व ग्राहकों को परेशानी होती है. उन्होंने कहा कि बिजली की व्यवस्था भी बेहतर नहीं है।
व्यापारियों ने बाजार क्षेत्र की दुकानों के वार्षिक शुल्क में की गई अत्यधिक वृद्धि का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया. समिति का कहना था कि बिना पर्याप्त विचार-विमर्श और व्यापारियों की आर्थिक स्थिति का आकलन किए शुल्क में वृद्धि किए जाने से छोटे व मध्यम वर्ग के व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ गया है. इस दौरान मेयर सुधा गुप्ता ने प्रतिनिमंडल की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि सडक़, सफाई एवं अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे. उन्होंने कहा कि मानगो बाजार क्षेत्र नगर की आर्थिक गतिविधियों का महत्वपूर्ण केद्र है और यहां के व्यापारियों व नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकता है. मेयर ने कहा कि शुल्क बढ़ोतरी के मामले पर कहा कि इसकी विस्तृत समीक्षा की जाएगी व व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए संबंधित विभागों के साथ विचार-विमर्श कर उचित निर्णय लेने का प्रयास किया जाएगा।
पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि राज्य सरकार व्यापारियों के साथ समन्वय स्थापित कर क्षेत्र के विकास के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल कर संग्रह करना नहीं, बल्कि व्यापारियों को सुरक्षा, सुविधाएं और बेहतर कारोबारी माहौल उपलब्ध कराना भी है. प्रतिनिधिमंडल ने समस्याओं के समाधान के प्रति सकारात्मक आश्वासन देने के लिए मेयर का आभार जताया. इस मौके पर डा. आर एस अग्रवाल, उत्तम कुमार गुप्ता, मनोज कुमार गुप्ता, उदय कुमार गुप्ता, चंचल गुप्ता, दीपक सिंह, देवाशीष माणिक, मुकेश गुप्ता, अरूप कुमार दत्ता, जितेन्द्र साव, कार्तिक हलधर, अशोक कुमार, बैद्यनाथ पाल, राजेन्द्र साव आदि मौजूद थे।
