June 2, 2026
image (5)

झारखंड के एक सरकारी कर्मचारी की मोकामा-हाथीदह फोरलेन मार्ग पर हुए सड़क हादसे में मौत हो गई। उनकी पत्नी और बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक की पहचान रांची (रातू रोड) निवासी राजेश कुमार जायसवाल के रूप में हुई है, जो सर्वेयर के पद पर कार्यरत थे। यह हादसा सोमवार को तब हुआ जब राजेश कुमार जायसवाल अपने परिवार के साथ पैतृक गांव मधेपुरा से रांची लौट रहे थे। हाथीदह थाना क्षेत्र के अंतर्गत मोकामा और हाथीदह के बीच फोरलेन मार्ग पर उनकी कार का टायर अचानक फट गया। टायर फटने के बाद तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर कई बार पलट गई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। राजेश कुमार जायसवाल खुद कार चला रहे थे, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। उनकी पत्नी पूनम देवी और पुत्र शुभम कुमार भी घायल हो गए। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोग मदद के लिए पहुंचे। सूचना मिलने पर हाथीदह थाना प्रभारी राजेंद्र प्रसाद वर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को तुरंत मरांची अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में इलाज के दौरान राजेश कुमार जायसवाल ने दम तोड़ दिया। उनकी पत्नी पूनम देवी और पुत्र शुभम कुमार का उपचार अस्पताल में जारी है।
हाथीदह थाना पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *