September 10, 2026
image (2)

मुजफ्फरपुर में मखाना कारोबार के सिलसिले में हरिद्वार से आए कारोबारी से चाकू के बल पर 1.60 लाख रुपए लूटने के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। सदर थाना क्षेत्र के एलपी शाही कॉलेज के पास मंगलवार को हुई इस वारदात में पुलिस ने एक नामजद आरोपी को गिरफ्तार किया है।
उसके पास से लूट की रकम में से 17 हजार रुपए बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी पीड़ित को पहले से जानता था और उसी ने मखाना कारोबार के नाम पर उसे मुजफ्फरपुर बुलाया था।
एसडीपीओ टाउन-2 विनीता सिन्हा ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पीड़ित के लिखित आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देशन और नगर पुलिस अधीक्षक के अनुश्रवण में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस के अनुसार, पीड़ित हरिद्वार के पास स्थित एक फार्मा कंपनी में काम करता है। वह मखाना की खरीद-बिक्री के कारोबार के सिलसिले में मुजफ्फरपुर आया था। आरोपी राहुल कुमार से उसकी पहले से पहचान थी। राहुल ने ही उससे संपर्क कर मखाना कारोबार के संबंध में मुजफ्फरपुर बुलाया था।
पुलिस की जांच में सामने आया कि राहुल ने अन्य साथियों के साथ मिलकर कथित तौर पर लूट की योजना बनाई। इसके बाद पीड़ित को एलपी शाही कॉलेज के पास बुलाया गया। वहां तीन अज्ञात अपराधियों और उसके परिचित राहुल ने मिलकर उसे घेरा और चाकू दिखाकर 1.60 लाख रुपए छीन लिए। पुलिस के अनुसार, चिन्हित किए गए दोनों आरोपियों के ठिकानों पर रात में छापेमारी की गई, लेकिन दोनों फरार मिले। मामले में शामिल तीसरे आरोपी की भी पहचान करने की कोशिश की जा रही है।

एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी और फरार आरोपियों के आपराधिक इतिहास का भी पता लगाया जा रहा है। तकनीकी साक्ष्य और मानवीय सूचना के आधार पर आगे की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *