निगरानी अन्वेषण ब्यूरो पटना की टीम ने सोमवार शाम करीब 4.30 बजे बांका के रजौन में तैनात सहायक विद्युत अभियंता बिजेंद्र कुमार को 20 हजार रुपये घूस लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। बिजली का वाणिज्यिक टैक्स बचाने के लिए अभियंता ने पीड़ित से इस रकम की मांग की थी। पीड़ित ने निगरानी में शिकायत दर्ज कराई थी।
विजिलेंस विभाग के डीएसपी सत्येन्द्र राम ने बताया कि धोरैया के मनोज यादव घरेलू बिजली से किराना की दुकान चलाते थे। अभियंता बिजेन्द्र कुमार ने मनोज से करीब डेढ़ लाख रुपए की मांग की थी। किसी तरह मामला 20 हजार में फाइनल हुआ। इस बीच मनोज ने विजिलेंस से संपर्क किया। विजिलेंस ने शिकायत की पुष्टि के बाद अपना जाल बिछाया। सोमवार को बिजली विभाग के सहायक अभियंता के कार्यालय में मनोज यादव
जैसे ही अभियंता को 20 हजार रुपए देने लगे, वहां पहले से मौजूद विजिलेंस की टीम ने उन्हें घूस लेते रंगेहाथ दबोच लिया और सीधे उन्हें अपने साथ पटना लेकर निकल गई।
