अगर आपने अपने घरेलू LPG कनेक्शन की बायोमेट्रिक e-KYC अभी तक पूरी नहीं की है, तो अब इसे टालना भारी पड़ सकता है। गैस कंपनियां और आपूर्ति विभाग लंबित e-KYC को पूरा कराने में जुटे हैं और स्थानीय स्तर पर उपभोक्ताओं को 23 अगस्त तक का समय दिया गया है।
समय सीमा के भीतर e-KYC नहीं कराने पर LPG सब्सिडी से जुड़ी परेशानी हो सकती है। इसके अलावा, गैस रिफिल के लिए अधिक कीमत चुकानी पड़ सकती है और कनेक्शन से जुड़ी कुछ सेवाएं भी प्रभावित हो सकती हैं।
हालांकि, e-KYC नहीं होने पर कनेक्शन तुरंत रद्द नहीं किया जाएगा। कंपनियों के मुताबिक, सत्यापन पूरा होने तक कुछ सुविधाओं पर असर पड़ सकता है। सरकार ने फर्जी और डुप्लीकेट गैस कनेक्शनों की पहचान और सब्सिडी का लाभ सही उपभोक्ताओं तक पहुंचाने के लिए e-KYC को जरूरी किया है।
पूर्वी सिंहभूम और आसपास के इलाकों में बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं का सत्यापन अभी बाकी है। ऐसे में गैस एजेंसियों पर भीड़ भी बढ़ रही है। अगर आप लाइन में लगने से बचना चाहते हैं, तो मोबाइल के जरिए भी e-KYC की जा सकती है।
इसके लिए Google Play Store से Aadhaar FaceRD ऐप डाउनलोड करें। इसके बाद अपनी गैस कंपनी का आधिकारिक ऐप इस्तेमाल करें। इंडेन ग्राहक IndianOil ONE, भारत गैस ग्राहक Hello BPCL और HP गैस ग्राहक HP Pay ऐप से प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से लॉगिन कर Re-eKYC विकल्प चुनें और फेस स्कैन के जरिए पहचान सत्यापित करें।
जो लोग ऑनलाइन e-KYC नहीं कर सकते, वे गैस एजेंसी पर जाकर आधार कार्ड, गैस पासबुक और रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर के साथ यह प्रक्रिया पूरी करा सकते हैं। सिलेंडर की डिलीवरी के समय POS मशीन के जरिए फिंगरप्रिंट या फेस स्कैन से भी e-KYC की सुविधा उपलब्ध है।गैस एजेंसियों ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि आखिरी तारीख का इंतजार न करें और 23 अगस्त से पहले e-KYC जरूर करा लें।
