के प्रतिष्ठित बिस्कोमान भवन में शुक्रवार सुबह अचानक आग लगने से अफरातफरी मच गई। आग भवन की 13वीं मंजिल पर स्थित कार्यालय में लगी और देखते ही देखते लपटें खिड़कियों से बाहर निकलने लगीं।
ऊंची मंजिल पर आग लगने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग से 13वीं मंजिल पर स्थित बेल्ट्रॉन कार्यालय को काफी नुकसान पहुंचा है।
आग की वजह से कार्यालय में रखे दस्तावेज, फर्नीचर और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। नुकसान का आकलन किया जा रहा है। आग इतनी भीषण थी कि भवन की ऊपरी मंजिल की खिड़कियों से आग की लपटें और घना धुआं साफ दिखाई दे रहा था।
यह दृश्य देखकर आसपास के लोग और राहगीर रुक गए। कुछ ही देर में घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। ऊंचाई के कारण दमकलकर्मियों के सामने आग बुझाना आसान नहीं था। सामान्य फायर टेंडर की पहुंच सीमित होने के कारण विशेष हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म और हाईराइज फायर फाइटिंग उपकरणों को मौके पर बुलाया गया। इसके बाद अंदर और बाहर दोनों तरफ से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।
आग के बाद भवन के कई हिस्सों में धुआं फैल गया, जिससे अंदर मौजूद कर्मचारियों और आगंतुकों में दहशत फैल गई।
सुरक्षा कर्मियों और दमकल टीम ने तत्परता दिखाते हुए लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। राहत की बात रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। दमकल विभाग की टीम ने कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि समय रहते हाईराइज रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू नहीं होता तो आग अन्य मंजिलों तक फैल सकती थी और बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हुआ है। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है।
दमकल विभाग और संबंधित एजेंसियां घटना की विस्तृत जांच कर रही हैं। साथ ही भवन की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की जाएगी।
